वंदे भारत ट्रेन से कटे प्रेमी युगल, युवती को शादीशुदा युवक से हुआ था प्यार



लखनऊ : तालकटोरा थाना क्षेत्र के आलमनगर स्टेशन के पास शनिवार को प्रेमी युगल ने वंदे भारत के सामने लेटकर आत्म हत्या कर लिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटना की जानकारी लेने के साथ ही उनके घरवालों को सूचना दी। पता चला कि दोनों तीन दिन से लापता चल रहे थे। युवक की शिनाख्त निशातगंज के न्यू हैदराबाद निवासी सूर्यकांत (40) व युवती की पहचान अर्जुनगंज निवासी दीपाली (25) के रूप में हुई है।
बताया जा रहा हैं कि सूर्यकांत पहले से विवाहित था, जबकि दीपाली अविवाहित थी। दो दिन पहले सुशांत गोल्फ सिटी थाने में दीपाली की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज की गई थी। वह और सूर्यकांत दोनों कैंट थाना क्षेत्र के सदर में एक प्राइवेट ऑफिस में साथ कार्य करते थे। दोनों के बीच एक साल से प्रेम-प्रसंग चल रहा था। भाई ने बताया कि सूर्यकांत कैंट स्थित आर्मी कैंटीन में काम करता था।
दीपाली आर्मी कैंटीन के सामने एक प्राइवेट कंपनी में काम करती थी। दोनों के प्रेम-प्रसंग के बारे में घरवालों को पता था। उसकी पत्नी सविता का कई बार इस बात को लेकर उससे विवाद भी हो चुका था। घरवालों ने समझाने का बहुत प्रयास किया था, पर वह किसी की बात सुनने के लिए राजी नहीं था। 07 जनवरी को सूर्यकांत ने पत्नी व आठ साल के बेटे कृष्णकांत को ससुराल छोड़ा। इसके बाद वह घर पहुंचा और बैग लेकर निकल गया।
रात 09 बजे बड़े भाई चंद्रकांत ने इस बारे में कविता को बताया। उन लोगों ने सूर्यकांत के मोबाइल पर कॉल की पर फोन बंद मिला। परिजनों ने बस अड्डे व रेलवे स्टेशन पर काफी तलाशा पर कुछ पता नहीं चल सका। परिजन उसे इधर-उधर तलाश रहे थे। इस बीच शनिवार सुबह करीब 9 बजे कविता को व्हाट्सएप पर कॉल पर की। कविता का नेट बंद था, इसलिए बात नहीं हो सकी। इसके बाद भाई चंद्रकांत को फोन किया। कहा कि दुनिया बहुत बड़ी है, हम दोनों लोग कहीं भी रह लेंगे।
उसने भाई को समझाने का काफी प्रयास किया और घर आने की बात कही। लेकिन, सूर्यकांत ने उनकी एक भी नहीं सुनी। अपनी बात कहकर फोन काट दिया। शनिवार दोपहर करीब 2 बजे पुलिस ने परिजनों को फोन करके खबर दी कि सूर्यकांत ने एक युवती के साथ जलालपुर रेलवे क्रॉसिंग पर ट्रेन के सामने कूदकर जान दे दी है। खबर पाकर परिजन मौके पर पहुंचे तो रेलवे लाइन किनारे सूर्यकांत व दीपाली का क्षत-विक्षत शव पड़ा था। दोनों के पास से मिले आधार कार्ड से उनकी पहचान हुई थी। पुलिस ने दीपाली के परिजनों को भी सूचना दी।
सुशांत गोल्फ सिटी के अर्जुनगंज शाहखेड़ा गांव निवासी दीपाली 08 जनवरी की शाम घर से साइबर कैफे जाने की बात कहकर निकली थी। इसके बाद वह घर नहीं लौटीं। परिजनों ने उसको फोन किया पर संपर्क नहीं हो सका। देर रात पिता अमरेंद्र ने बेटी की गुमशुदगी सुशांत गोल्फ सिटी थाने में दर्ज कराई। दीपाली के प्रेम-प्रसंग के बारे में परिजनों को भी जानकारी थी, पर अब वह लोग इस बार में कुछ बोलने के लिए राजी नहीं हैं। एडीसीपी पश्चिम धनंजय सिंह कुशवाहा ने बताया कि किसी भी पक्ष ने कोई आरोप नहीं लगाया है। अगर किसी के परिजन तहरीर देते हैं तो केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Related Posts
Post Comments



Comments