प्रेमी से शादी की जिद में 250 फीट ऊंचे टॉवर पर चढ़ी प्रेमिका



महराजगंज : निचलौल थाना क्षेत्र के डोमा काटी गांव में एक युवती प्रेमी से शादी की जिद को लेकर करीब 250 फीट ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़ गई। इस घटना से गांव में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने युवती को नीचे उतारने की कोशिश की, लेकिन वह अपनी जिद पर अड़ी रही। कुछ देर बाद उसने ऊपर से एक पर्ची फेंकी, जिसमें प्रेमी फारुक और उसके परिजनों के मोबाइल नंबर लिखे थे। पर्ची में युवती ने लिखा था कि अगर फारुक वापस नहीं आया तो वह जहर खा लेगी। युवती का आरोप था कि 12 साल से दोनों के बीच प्रेम संबंध है। शादी की बात भी तय थी, लेकिन युवक ने शादी से इनकार कर नेपाल चला गया।पुलिस ने पर्ची में दिए गए नंबरों पर संपर्क कर युवक को नेपाल से तत्काल लौटने के लिए कहा। बताया जा रहा है कि गांव से नेपाल की दूरी करीब 6 किलोमीटर है, इसलिए युवक कुछ ही घंटों में पहुंच गया। युवक और पुलिसकर्मियों ने युवती को काफी समझाया। युवती ने आशंका जताई कि अगर वह नीचे उतरी तो युवक फिर से भाग सकता है। इस पर पुलिस ने भरोसा दिलाया कि दोनों पक्षों से बात कर उचित कार्रवाई की जाएगी। करीब 5 घंटे की मशक्कत के बाद युवती टावर से नीचे उतर आई। पुलिस दोनों को हिरासत में लेकर थाने चली गई। पुलिस दोनों की उम्र और दस्तावेजों की जांच कर रही है।

Related Posts
Post Comments



Comments