बलिया : गंगा नदी में नहाते समय डूबने लगी तीन बहनें, दो को बचाया ; एक की तलाश




दोकटी, बलिया : क्षेत्र के गछिया बाबा घाट पर सोमवार की शाम गंगा नदी में नहाते समय एक किशोरी डूब गयी। बहन के घर विवाह में शामिल होने बिहार प्रान्त के भोजपुर जनपद अन्तर्गत विशुनपुरा (डुमरी) से आई थी। सूचना पर पहुंची लालगंज पुलिस चौकी के जवानों ने जाल के जरिये किशोरी की तलाश शुरू कराया।
दोकटी थाना क्षेत्र के शिवपुर कपूर दियर पंचायत के बिंद बस्ती निवासी धनजी पासवान के छोटे लड़के की शादी तय थी। 20 अप्रैल को तिलक कार्यक्रम था। 24 अप्रैल को शादी होनी है। शादी में भाग लेने के लिए धनजी के पुत्र विशाल पासवान की तीन सालिया कुमारी रानी (20) पुत्री धनलाल पासवान, मधु (14) पुत्री धनलाल व चचेरी बहन चंदा (16) पुत्री जगजीवन पासवान बिहार राज्य के डुमरी गांव से आई थी। तीनों बहनें सोमवार को करीब चार बजे गंगा स्नान करने गाछिया बाबा घाट पर गई थी।
नहाते समय तीनों बहने गंगा नदी की गहरे पानी में चली गई और डूबने लगी। डूबती हुई तीनों लड़कियों पर किसी की नजर पड़ी तो उसने हो-हल्ला मचाया। हल्ला सुन वहाँ उपस्थित राकेश बिंद, अखिलेश बिंद, प्रभु बिंद लड़कियों को बचाने के लिए गंगा नदी में कूद गए। अथक प्रयास से दो बहने चंदा और मधु को तो बचा लिया, परन्तु रानी को नहीं बचा पाए। रानी डूब गई। इसकी सूचना पर चौकी प्रभारी लालगंज जय प्रकाश अपने सिपाहियो संग पहुंचकर रानी की तलाश शुरू करवा दी।
रमेश पांडेय

Related Posts
Post Comments



Comments