...जब चांद दियर में एनएच 31 पर रिसने लगा बाढ़ का पानी, बलिया में उफान पर गंगा और सरयू




Flood in Ballia : सरयू और गंगा नदी के बढ़ते जलस्तर की वजह से बलिया में बाढ़ की भयावह स्थिति सामने लगी है। रविवार को चांद दियर में राष्ट्रीय राजमार्ग 31 पर बाढ़ का पानी रिसने लगा। यह देख ग्रामीणों के हाथ पैर फूलने लगे। ग्रामीणों ने इसकी सूचना उप जिलाधिकारी बैरिया आलोक प्रताप सिंह को दी। उप जिलाधिकारी न सिर्फ तत्काल पहुंच गये, बल्कि NHI तथा ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस-वे के अधिकारियों को मौके पर बुलाया। ग्रीन फील्ड एक्सप्रेस-वे के कर्मियों द्वारा सीमेंट की बोरियों में मिट्टी भरकर रिसाव वाले जगह पर मजदूरों से डलवाया गया।
वहीं दूसरी तरफ पानी के अंदर जेसीबी से बोरियों को डालकर रिसाव बंद कराया गया। उप जिलाधिकारी ने बताया कि हर घर नल जल योजना के तहत राष्ट्रीय राजमार्ग 31 के नीचे पाइप डाला गया था। इसके चलते रिसाव हो रहा था। रिसाव को बंद कर दिया गया है। खतरे वाली कोई बात नहीं है। सब कुछ सामान्य हो गया है। बावजूद इसके मौके पर ग्रीन फील्ड एक्सप्रेस-वे के कर्मचारी व पुलिस की तैनाती कर दी गई है, ताकि किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति उत्पन्न होने पर तत्काल कार्रवाई हो सके। उधर, बलिया शहर के मोहम्मदपुर और गंगा उस पार नौरंगा में कटान से अफरा-तफरी मची है।
बलिया में नदियों का जलस्तर
बलिया में गंगा का उच्चतम खतरा बिंदु 60.390 मीटर पर है। रविवार को सुबह आठ बजे गंगा का जलस्तर 59.360 मीटर पर पहुंच गया था। गंगा में एक सेमी प्रति घंटा बढ़ाव हो रहा है। सरयू का खतरा बिंदु 64.010 मीटर पर है। इसका जलस्तर भी 63.110 मीटर पर पहुंच गया है। टोंस नदी का खतरा बिंदु 60.00 मीटर पर है। टाेंस का जलस्तर 60.700 मीटर पर पहुंच गया है। ऐसे में जनपद के 379 गांवों में बाढ़ का पानी प्रवेश करने लगा है। लोग गांव से पलायन कर सड़क किनारे शरण ले रहे हैं। बाढ़ से लगभग 4.23 लाख आबादी के प्रभावित होने का अनुमान है। सभी नदियां अभी भी बढ़ाव पर हैं। जिला प्रशासन की ओर से सभी गांवों के लिए अलर्ट जारी किया गया है। 61 बाढ़ चौकियों को सक्रिय किया गया है।
रोहित सिंह मिथिलेश

Related Posts
Post Comments



Comments