Ballia में कुश्ती नेशनल का डिप्टी सीएम ने किया उद्घाटन, मेजबान उत्तर प्रदेश का स्वर्णिम आगाज




*वीर लोरिक स्पोर्ट्स स्टेडियम में शुरू हुआ राष्ट्रीय दंगल
*अंडर 17 वर्ग की फ्रीस्टाइल कुश्ती का आयोजन
*परिवहन मंत्री दयाशंकर ने किया खिलाड़ियों का स्वागत
बलिया : 69वीं राष्ट्रीय विद्यालयी कुश्ती प्रतियोगिता का उद्घाटन सोमवार को उत्तर प्रदेश सरकार के उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने किया। सोमवार को वीर लोरिक स्पोर्ट्स स्टेडियम पहुंचे उप मुख्यमंत्री ने देश भर से आए कुश्ती खिलाड़ियों का उत्तर प्रदेश में स्वागत करते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। मार्च पास्ट की सलामी लेने के बाद गुब्बारे व कबूतर छोड़ उप मुख्यमंत्री ने कुश्ती मैट पर पूजन किया 57 किलोग्राम भार वर्ग की बालिका एवं 65 किलोग्राम भार वर्ग के बालकों के कुश्ती मुकाबले परिचय पर प्रारंभ कराए। दोनों वर्गों के एक एक मुकाबले देखते हुए उप मुख्यमंत्री ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।
इसके पूर्व वीर लोरिक स्पोर्ट्स स्टेडियम में आगमन के साथ उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक एवं परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने दीप प्रज्ज्वलन किया। दीप प्रज्ज्वलन के उपरांत स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया व उत्तर प्रदेश का ध्वज फहरा देश के सभी राज्यों व केंद्र शासित प्रदेशों से आए खिलाड़ियों के मार्च पास्ट की सलामी ली। गौरतलब हो कि राष्ट्रीय प्रतियोगिता हेतु देश के 28 राज्य, 8 केंद्र शासित प्रदेशों तथा 8 यूनिट समेत कुल 44 टीमों से 880 खिलाड़ी प्रतिभाग कर रहे हैं वहीं 220 टीम मैनेजर व प्रशिक्षक भी जनपद पहुंचे हैं। प्रतियोगिता के संचालन के लिए उत्तर प्रदेश कुश्ती संघ, खेल विभाग उत्तर प्रदेश के 30 निर्णायकों की टीम भी लगी हुई है।
खिलाड़ियों के लिए प्रतिबद्ध है सरकार : ब्रजेश पाठक
बोले बोले भृगु बाबा की जय... से अपने संबोधन की शुरुआत करते हुए उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने 1857 क्रांति के नायकों समेत मंगल पांडे, चित्तू पांडे, जयप्रकाश नारायण को नमन किया। बागी बलिया के समृद्ध इतिहास का जिक्र करते हुए पूर्व प्रधानमंत्री चंद्रशेखर के व्यक्तित्व व कृतित्व को याद किया। खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए उप मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश की सरकार खिलाड़ियों व युवाओं के लिए प्रतिबद्ध है, हम हर तरह से आपका सहयोग करेंगे। प्रदेश में हर गांव में मिनी स्टेडियम बन चुके हैं, हमारी सरकार ने खेल बजट में भी कई गुना वृद्धि की है। पिछले कुछ वर्षों में प्रदेश में स्पोर्ट्स कोटा से राजपत्रित अधिकारियों के पद पर भी चयन हुए हैं। खिलाड़ी पूरी लगन व अनुशासन से अभ्यास कर अंतराष्ट्रीय पटल पर भारत को गौरवान्वित करें। इसके अलावा जनपद में राष्ट्रीय विद्यालयी कुश्ती प्रतियोगिता के आयोजन के लिए परिवहन मंत्री के प्रयास की सराहना करते हुए सभी खिलाड़ियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी।
परिवहन मंत्री ने किया उप मुख्यमंत्री का स्वागत
69वीं राष्ट्रीय विद्यालयी कुश्ती प्रतियोगिता के उद्घाटन समारोह में बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित उत्तर प्रदेश सरकार के उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक का स्वागत परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने किया। परिवहन मंत्री ने उप मुख्यमंत्री का स्वागत अंगवस्त्र व स्मृतिचिन्ह भेंट कर किया। इस दौरान अपने संबोधन में परिवहन मंत्री ने उप मुख्यमंत्री का स्वागत करते हुए उद्घाटन हेतु उपस्थित होने के लिए आभार भी प्रकट किया। साथ ही जनपद में कुश्ती नेशनल पर भी प्रकाश डाला व विश्वास जताया कि जनपद में आयोजित पांच दिवसीय प्रतियोगिता से खिलाड़ी सुनहरी यादें लेकर जाएंगे। संयुक्त शिक्षा निदेशक आजमगढ़ मंडल नवल किशोर ने धन्यवाद ज्ञापन किया।
इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष संजय मिश्रा, पूर्व मंत्री नारद राय, उत्तर प्रदेश महिला आयोग की सदस्य सुनीता श्रीवास्तव, पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह, मुख्य विकास अधिकारी ओजस्वी राज, धर्मेंद्र सिंह, संयुक्त शिक्षा निदेशक आजमगढ़ मंडल नवल किशोर, जिला विद्यालय निरीक्षक देवेंद्र कुमार गुप्ता, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी मनीष कुमार सिंह, क्रीड़ा अधिकारी जवाहर लाल यादव, ओपी यादव, जयप्रकाश साहू, छट्ठू राम, प्रतियोगिता कॉर्डिनेटर दिनेश कुमार सिंह, धर्मेंद्र सिंह, मोहम्मद नईम, विनोद सिंह, दुर्गविजय सिंह, द्रोण कुमार, प्रफुल्ल श्रीवास्तव, अभिषेक सिंह, शिवशंकर सिंह, भूपेश सिंह, भावानंद शर्मा, अरविंद कुमार सिंह, डॉ इफ्तिखार, अनुज सिंह, संजय सिंह, दिनेश प्रसाद, अनुपम सिंह, नीतू सिंह, कनक चक्रधर, सपना चौधरी, वसुंधरा राय, कविता सिंह, अनामिका सिंह, मोहम्मद शमशाद, अनूप राय आदि उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन जिला वॉलीबाल एसोसिएशन के सचिव नीरज राय ने किया।
मेजबान उत्तर प्रदेश का स्वर्णिम आगाज
69वीं राष्ट्रीय विद्यालयी कुश्ती प्रतियोगिता में मेजबान उत्तर प्रदेश टीम ने स्वर्णिम आगाज किया। सोमवार को एक बालक व एक बालिका वर्ग की कुश्ती प्रतियोगिता आयोजित हुई दोनों ही भार वर्गों में प्रदेश को पदक हासिल हुआ। बालक वर्ग के 65 किलोग्राम भार वर्ग में जहां प्रदेश के लिए मोनू यादव ने स्वर्ण जीता, वहीं बालिका 57 किलोग्राम भार वर्ग में प्रज्ञा सिंह उत्तर प्रदेश के लिए रजत पदक जीता। पहले दिन आयोजित 57 किलोग्राम बालिका वर्ग में सीबीएसई डब्लूएसओ की साक्षी ने स्वर्ण, उत्तर प्रदेश की प्रज्ञा सिंह ने रजत तथा महाराष्ट्र की दिशा राजेंद्र पवार व निकिता सहरावत ने कांस्य पदक जीता।
वहीं 65 किलोग्राम बालक वर्ग के फाइनल में उत्तर प्रदेश के मोनू यादव ने स्वर्ण, दिल्ली के वरदत कुमार ने रजत तथा राजस्थान के सागर विश्नोई व हरियाणा के नैतिक ने कांस्य पदक जीता। निर्णायक मंडल में ऑफिशियल इंचार्ज सुरेश उपाध्याय, टेक्निकल डायरेक्टर रामाशीष यादव, प्रेमशंकर तिवारी, रामसजन यादव, जय प्रकाश यादव, ऋषि श्वेत सिंह, राजकुमार मिश्र, गोरखनाथ यादव व कृष्णकांत यादव आदि उपस्थित रहे।

Related Posts
Post Comments



Comments