बलिया में भीषण सड़क हादसा : तीन युवकों की मौत, चार रेफर

बलिया में भीषण सड़क हादसा : तीन युवकों की मौत, चार रेफर

बलिया : रसड़ा कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत गढ़िया रेलवे क्रॉसिंग के पास दो बाइकों की आमने-सामने हुई टक्कर में दो युवकों की मौत हो गई। वहीं, एक किशोर समेत दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। लोगों ने घायलों को सीएचसी रसड़ा पहुंचाया, जहां से घायलों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। मृतकों की पहचान गाजीपुर जिले के सरिया निवासी जयप्रकाश सिंह (40) पुत्र ललन सिंह और रसड़ा क्षेत्र के गौरपुरा निवासी दीपू गुप्ता (20) पुत्र जयप्रकाश गुप्ता के रूप में हुई है। घायलों में कुठहन, शादियाबाद (गाजीपुर) निवासी नितेश (17) पुत्र संतोष और बबलू (26) पुत्र देव सरण शामिल हैं। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तत्काल घायलों को अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने घायल बबलू की हालत गंभीर देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया है। सूचना मिलते ही पहुंची रसड़ा कोतवाली पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

बोलेरो ने दो बाइकों में मारी टक्कर, युवक की मौत
बलिया : बांसडीह–मनियर मार्ग पर स्थित बांसडीह कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत पांडेय के पोखरा के पास तेज रफ्तार बोलेरो ने दो बाइकों को टक्कर मार दी। हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। बताया जा रहा है कि मनियर की ओर से आ रही बोलेरो बांसडीह की तरफ जा रही एक मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मारी, फिर दूसरी बाइक को भी चपेट में ले लिया। टक्कर के बाद चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और बोलेरो सड़क किनारे लगे बिजली के पोल से टकरा कर पलट गई। हादसे में कैथवली निवासी नीरज गोंड (20) पुत्र ललन गोंड की मौत हो गई। वहीं कैथवली निवासी आकाश गोंड पुत्र आत्मा गोंड तथा बैरिया निवासी राजेंद्र (40) पुत्र राजा राम गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही पहुंचे प्रभारी निरीक्षक प्रवीण कुमार सिंह ने घायलों को अस्पताल भिजवाया। प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए दोनों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। वहीं, पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए दुर्घटनाग्रस्त बोलेरो को कब्जे में ले लिया है। होली के दिन हुए दर्दनाक हादसे से क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ है।

रोहित सिंह मिथिलेश

यह भी पढ़े बलिया में बहू को मौत के लिए उकसाने में ससुर गिरफ्तार

Tags:

Post Comments

Comments