बलिया में बढ़ा तबाही मचाने वाली बाढ़ का खतरा, दर्जनों बस्तियों और स्कूल-कालेजों में मचलने लगी गंगा की लहरे



मझौवां, बलिया Ballia News : गंगा नदी के जलस्तर में बेतहाशा वृद्धि ने फ्लड एरिया में खलबली मचा दी है। उफनाई गंगा की लहरें हाई फ्लड लेबल (उच्चतम जलस्तर) कभी भी छू सकती है, क्योंकि नदी और हाई फ्लड लेबल के बीच का फासला एक मीटर से भी कम है। नदी के रौद्र रूप को देख प्रशासन पूरी तरह अलर्टमोड में है। बाढ़ खंड के अधिकारियों द्वारा शनिवार को ही फ्लड एरिया के लोगों को सचेत किया जा चुका है कि वे सुरक्षित स्थान पर चले जाय। वहीं, हल्दी, रामगढ़, टेंगरही-सिताबदियरा बंधा पर टेंगरही गांव के पास, लालगंज के भुसौला व जयप्रकाश नगर रेगुलटर पर कैंप लगाया गया है, ताकि बाढ़ प्रभावित लोगों की मदद में देर न हो।
गायघाट गेज पर रविवार की सुबह गंगा का जलस्तर 59.360 मीटर रिकार्ड किया गया। नदी के जलस्तर में प्रति घंटे एक सेन्टीमीटर की बढ़ोत्तरी जारी है। यहां हाई फ्लड लेबल 60.390 मीटर है। बाढ़ विभाग ने किसी भी अपातकाल में आम लोगों के लिए मोबाइल नम्बर भी जारी किया है। बाढ़ प्रभावित लोग अपनी शिकायत बाढ़ नियंत्रण कक्ष 8874194325 के साथ ही 9450885513 पर बाढ़ खंड के अधिशासी अभियंता संजय कुमार मिश्र, 9415848712 पर एसडीओ श्रवण कुमार प्रियदर्शी तथा जेई अमर नाथ वर्मा के मोबाइल नम्बर 7651857911 पर सम्पर्क कर सकते हैं।
सहमे हैं फ्लड एरिया के लोग
अधिशासी अभियन्ता (बाढ़ खण्ड, बलिया) ने बताया है कि 31 जुलाई 2025 को धौलपुर राजस्थान (चम्बल नदी) से 16 लाख क्यूसेक तथा माताटिला डैम से 3 लाख क्यूसेक पानी प्रवाहित हुआ है, जिसकी वजह से जनपद बलिया में गंगा नदी में बाढ़ की स्थिति उत्पन्न होगी। गंगा नदी का जलस्तर, उच्चतम जल स्तर 60.390 मीटर के आस-पास रहेगा, जिसके कारण बाढ़ की स्थिति उत्पन्न होने की सम्भावना है। उक्त स्थिति को ध्यान में रखते हुए गंगा नदी के किनारे बसी आबादी सतर्क हो जाय तथा सुरक्षित स्थान पर चले जाय, ताकि बाढ़ से सुरक्षा प्रदान हो सकें। अधिशासी अभियन्ता (बाढ़ खण्ड, बलिया) के इस संदेश के बाद फ्लड एरिया के लोग बाढ़ की भयावहता के मद्देनजर काफी सहमे हुए है।
कई स्कूल-कालेजों में घुसा बाढ़ का पानी
बाढ़ का पानी फैलने से प्रावि सुघरछपरा, प्रावि गोपालपुर और प्रावि मझौवा, पीएन इंटर कालेज दुबेछपरा, अमरनाथ मिश्र पीजी कालेज दूबेछपरा, यशोदा देवी बालिका इंटर कालेज दूबेछपरा, प्रावि मझौवा, महाबीर सिंह इंटर कालेज बादिलपुर, प्रावि हृदयचक, प्रावि बादिलपुर, प्रावि राजपुर समेत एनएच-31 से दक्षिण स्थित अधिकतर स्कूलों में बाढ़ का पानी पहुंच चुका है।
बाढ़ से चक्की-नौरंगा में स्थिति भयावह
उधर, राजस्व गांव नौरंगा के पूरब-उत्तर दिशा तथा चक्की-नौरंगा की मलिन बस्ती के पास कटान बदस्तूर जारी है। चक्की नौरंगा में एक दर्जन से अधिक पक्के मकानों को नदी निगल चुकी है। कृषि योग्य भूमि भी नदी का निवाला बन रही है।यहां के पीड़ित बक्सर-कोइलवर तटबंध से लगायत पंचायत के ऊंचे स्थान पर शरण लिए हैं। पीड़ित बस्तियों के लोगों को गंतव्य तक जाने के अलावा अपनी दिनचर्या पूरी करने में काफी दिक्कत हो रही है। लोग नावों के सहारे आवागमन करने पर विवश हैं। लोगों के पलायन का सिलसिला निरंतर जारी है।
हरेराम यादव

Comments