नेशनल चैंपियन बनकर लौटे बलिया के इन खिलाड़ियों को पूर्व मंत्री ने किया सम्मानित



बलिया : हुगली (पश्चिम बंगाल) में आयोजित 46वीं सब जूनियर नेशनल वालीबाल चैंपियनशिप के स्वर्ण पदक विजेता खिलाड़ियों को पूर्व मंत्री उपेंद्र तिवारी ने सम्मानित किया। 24 फरवरी से एक मार्च तक आयोजित उक्त राष्ट्रीय चैंपियनशिप में उत्तर प्रदेश बालक वॉलीबाल टीम का प्रतिनिधित्व कर राष्ट्रीय चैंपियन बनने वाले जनपद के दो खिलाड़ियों आसिफ अली एवं आदित्य राय को माल्यार्पण, अंगवस्त्र एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। इस दौरान सब जूनियर नेशनल वालीबाल चैंपियनशिप में उत्तर प्रदेश बालिका टीम का प्रतिनिधित्व करने वाली शीतल वर्मा को भी पूर्व मंत्री ने सम्मानित किया।
पूर्व खेल एवं युवा कल्याण मंत्री उपेंद्र तिवारी ने अपने संबोधन में विजेता खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं, साथ ही कहा कि देश एवं प्रदेश की सरकार खेल एवं खिलाड़ियों के विकास के लिए निरंतर प्रयासरत हैं। फेफना विधानसभा के खिलाड़ी राष्ट्रीय फलक पर प्रदेश को गौरवान्वित कर रहे हैं। गौरतलब हो कि एक फरवरी को खेले गए नेशनल चैंपियनशिप के फाइनल में उत्तर प्रदेश बालक टीम ने SAI (स्पोर्ट्स ऑथोरिटी ऑफ इंडिया) को 25-16, 25-17, 25-20 से पराजित कर नेशनल खिताब अपने नाम किया था।
खिलाड़ियों के जनपद आगमन के उपरांत टैगोर नगर स्थित आवास पर आयोजित सम्मान समारोह में नेशनल चैंपियन टीम में उत्तर प्रदेश वॉलीबाल टीम मैनेजर नीरज राय, क्रीड़ा अधिकारी जवाहर लाल यादव के अलावा सभी खिलाड़ियों के अभिभावकों को भी सम्मानित किया गया। इस दौरान चेयरमैन अमरजीत सिंह, उपेंद्र पांडे, नंदलाल सिंह, आर्केश दुबे, सर्वानंद तिवारी, रामनारायन पासवान, विनय राय, अरविंद राय, सुमित राय, मंजूर अली, धीरज राय, सच्चिदानंद राय आदि उपस्थित रहे।

Related Posts
Post Comments



Comments