Ballia News : भाषण प्रतियोगिता में आकांक्षा मिश्रा प्रथम, राजू कुमार यादव द्वितीय

Ballia News : भाषण प्रतियोगिता में आकांक्षा मिश्रा प्रथम, राजू कुमार यादव द्वितीय

बलिया : मेरा युवा भारत, युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय भारत सरकार के तत्वावधान में सोमवार को नगर स्थित श्री मुरली मनोहर टाउन स्नातकोत्तर महाविद्यालय के राजेंद्र प्रसाद सभागार में विकसित भारत जिला युवा संसद का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जनपद के विभिन्न विकास खंडों से आए प्रतिभागियों ने भाग लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. दयाला नंद राय एवं प्रो. अशोक सिंह ने स्वामी विवेकानंद के चित्र पर पुष्प अर्पित करने के साथ ही दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

युवा संसद के अंतर्गत आयोजित भाषण प्रतियोगिता का विषय 'आपातकाल के 50 वर्ष : भारतीय लोकतंत्र के लिए सीख' रहा, जिस पर प्रतिभागियों ने अपने विचार प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किए। प्रतियोगिता में आकांक्षा मिश्रा ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं दूसरे स्थान पर राजू कुमार यादव, तीसरे स्थान पर शिप्रा सिंह, चौथे स्थान पर मोनिका गुप्ता और पांचवें स्थान पर महक पांडे रहीं।

ये पांचों विजेता प्रतिभागी इसी माह लखनऊ में आयोजित होने वाली राज्य स्तरीय विकसित भारत युवा संसद प्रतियोगिता में प्रतिभाग करेंगे। विजेता प्रतिभागियों को कोषाधिकारी आनंद दुबे एवं एडीएम (नमामि गंगे) रजीत राम गुप्ता ने संयुक्त रूप से प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. दयाला नंद राय ने कहा कि युवाओं में अपार शक्ति होती है। उनकी क्षमता का उपयोग राष्ट्र निर्माण के लिए अत्यंत आवश्यक है।

यह भी पढ़े AI के सहारे कातिल प्रेमी तक पहुंची UP पुलिस : एक्सप्रेस-वे पर मिली युवती की लाश का खौफनाक सच आया सामने !

एडीएम रजीत राम गुप्ता ने कहा कि युवाओं को सदैव अपने लक्ष्य के प्रति सचेत रहने की आवश्यकता है। कोषाधिकारी आनंद दुबे ने कहा कि मजबूत लोकतंत्र राष्ट्र के उत्थान में सहायक होता है। उन्होंने युवाओं से अपनी क्षमताओं को पहचानकर आगे बढ़ने का आह्वान किया। कार्यक्रम के आयोजक मेरा युवा भारत के निदेशक कपिल देव ने सभी अतिथियों का अंगवस्त्र व माल्यार्पण कर स्वागत किया। निर्णायक मंडल में वरिष्ठ पत्रकार केके पाठक, डॉ. केके सिंह, डॉ. रामकुमार और डॉ. आनंद द्विवेदी शामिल रहे। इस मौके पर मेरा युवा भारत बलिया से नवीन सिंह, गुप्तेश्वर प्रसाद, ओंकार सिंह, हिमांशु सहित अन्य लोग उपस्थित रहे। संचालन नितेश पाठक व आभार ज्ञापन कपिल देव ने व्यक्त किया।

यह भी पढ़े 9 February Ka Rashifal : पढ़ें, आज क्या कहते हैं आपके सितारे

Tags:

Post Comments

Comments