बलिया में रफ्तार का कहर : बोलेरो और पिकअप की आमने-सामने टक्कर, बालक की मौत; कई घायल



नगरा, बलिया : नगरा-बेल्थरा मार्ग पर कोठिया चट्टी के पास शनिवार देर रात बोलेरो और पिकअप की आमने-सामने टक्कर हो गई। इस दुर्घटना में लगभग एक दर्जन लोग गम्भीर रूप से घायल हो गए, जबकि आठ वर्षीय बालक की मौत हो गई। सभी घायल रसड़ा क्षेत्र में एक मांगलिक कार्यक्रम से अपने घर लौट रहे थे।टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहनों का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में बोलेरो चालक अमरेश तिवारी (50) और पिकअप चालक रामध्यान पांडे (बनारस निवासी) गंभीर रूप से घायल हो गए।
दुर्घटना की तेज आवाज सुनकर पहुंचे आसपास के ग्रामीणों ने राहत कार्य शुरू किया। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को क्षतिग्रस्त वाहनों से बाहर निकालकर एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नगरा पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार किया। कुछ गंभीर रूप से घायल लोगों को बेहतर इलाज के लिए मऊ और बलिया जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है। हादसे में घायल अन्य लोगों की पहचान विजय शंकर (60), सुरेंद्र (65), करन (8 वर्ष), रामधन (55), रितेश (24), कृष्णा राजभर (15) और धर्मराज (60) के रूप में हुई है। ये सभी बेल्थरा रोड क्षेत्र के तुर्तीपार और खैरा गांव के निवासी बताए जा रहे हैं। दुर्घटना की सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है।
देवनारायण प्रजापति 'देवा भाई'

Related Posts
Post Comments



Comments