बलिया में ठेकेदार से 7.65 लाख की ठगी, जालसाज ने ऐसे दिया चकमा



Ballia : सहतवार थाना क्षेत्र के एक ठेकेदार से कम दाम में सीमेंट सप्लाई का लालच देकर सात लाख 65 हजार की ठगी का मामला सामने आया है। तहरीर के आधार सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही हैं। सहतवार थाना क्षेत्र के बरियारपुर गांव निवासी अखिलेश कुमार तिवारी सुधा एसोसिएट्स नाम से फर्म संचालित करते हैं। गड़वार-पियरिया मार्ग पर उनका पुल निर्माण का कार्य चल रहा है। ठेकेदार ने बताया कि अभिषेक कुमार मिश्रा नाम के एक व्यक्ति उनसे मिला और खुद को अल्ट्राटेक सीमेंट का एरिया सेल्स मैनेजर बताया। उसने बाजार से कम दर पर सीमेंट उपलब्ध कराने का प्रलोभन दिया। उसके झांसे में आकर अखिलेश तिवारी ने तीन हजार बोरी सीमेंट मंगाने के लिए सहमति दे दी। जालसाज ने उन्हें यूको बैंक का जयप्रकाश इंटरप्राइजेज नाम का बैंक खाता नंबर दिया। अखिलेश ने अपने एसबीआई बैंक खाता से तीन फरवरी को पांच लाख 25 हजार और 4 फरवरी को दो लाख 40 हजार आरटीजीएस के माध्यम से ट्रांसफर कर दिया। रकम खाता में पहुंचते ही एरिया सेल्स मैनेजर ने आश्वासन दिया कि वह जल्द ही ट्रक नंबर और ई-बिल भेज रहा है। फिर उसका मोबाइल नंबर स्विच आफ हो गया। काफी प्रयास के बाद जब संपर्क नहीं हुआ, तब पीड़ित को ठगी का अहसास हुआ। थानाध्यक्ष सहतवार अनिल सिंह ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की जांच साइबर सेल को सौंप दिया गया है।

Related Posts
Post Comments



Comments