जनगणना 2027 : बलिया में शिक्षामित्रों ने बीएसए को पत्र सौंपकर उठाई यह मांग



बलिया : जनगणना 2027 के प्रथम चरण में ड्यूटी लगाने को लेकर जनपद के शिक्षामित्रों ने मांग तेज कर दी है। प्राथमिक शिक्षामित्र संघ के जिलाध्यक्ष पंकज सिंह के नेतृत्व में शिक्षामित्रों ने मंगलवार को जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर जनगणना कार्य में प्रगणक पद पर ड्यूटी लगाए जाने की मांग की।
ज्ञापन में कहा गया कि जनगणना 2027 का पहला चरण अप्रैल माह से प्रस्तावित है, लेकिन जानकारी मिल रही है कि इस बार शिक्षामित्रों को प्रगणक के रूप में शामिल नहीं किया जा रहा है, जिससे उनमें निराशा और असंतोष व्याप्त है। संघ पदाधिकारियों ने बताया कि शिक्षामित्र पूर्व में बीएलओ, एसआईआर सहित कई महत्वपूर्ण शासकीय कार्यों में जिम्मेदारी निभाते रहे हैं, बावजूद इसके उन्हें बहुत कम मानदेय मिलता रहा है। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि वर्ष 2011 की जनगणना में शिक्षामित्रों ने सफलतापूर्वक प्रगणक की भूमिका निभाई थी, जिससे उन्हें इस कार्य का पर्याप्त अनुभव है। ऐसे में उन्हें इस बार जनगणना कार्य से अलग रखना न केवल उनके मनोबल को प्रभावित करेगा, बल्कि प्रशासनिक दृष्टि से भी उचित नहीं होगा। संघ ने मांग की कि शिक्षामित्रों के अनुभव और सेवा भावना को देखते हुए उन्हें जनगणना 2027 में प्रगणक के पद पर ड्यूटी दी जाए, ताकि इस राष्ट्रीय कार्य को और अधिक प्रभावी ढंग से संपन्न कराया जा सके। इस अवसर पर परवेज अहमद, हरेराम यादव, लाल जी, अशोक सिंह, जागनरायण पाठक, राजीव कुमार आदि उपस्थित थे।

Related Posts
Post Comments



Comments