बलिया खबर : CDO की जांच में खुली बेरुआरबारी ब्लाक की पोल, मिली ऐसी-ऐसी लापरवाही ; जबाब तलब



बलिया : मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) ओजस्वी राज ने शुक्रवार को विकास खण्ड-बेरुआरबारी ब्लाक का सघन निरीक्षण किया। निरीक्षण में कार्यालय प्रबंधन की लापरवाही, अधिकारियों की अनुपस्थिति और परिसंपत्तियों के रखरखाव में मिली गंभीर कमियों पर सीडीओ ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की। दो टूक शब्दों में कहा कि सरकारी कार्यों में ढिलाई और अनुशासनहीनता किसी भी स्तर पर स्वीकार्य नहीं होगी। उन्होंने सभी कमियों को समयबद्ध तरीके से दुरुस्त कर अनुपालन आख्या प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
बेरुआरबारी एडीओ (समाज कल्याण) राज रतन शुक्ला के निर्धारित रोस्टर (शुक्रवार-शनिवार) के बावजूद अनुपस्थित रहने की शिकायत पर स्पष्टीकरण मांगा गया है। साथ ही, निरीक्षण के समय अनुपस्थित पाए गए मिथिलेश गोंड के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। लेखाकार के अवकाश प्रार्थना पत्र पर खण्ड विकास अधिकारी (बीडीओ) या एडीओ द्वारा कोई संज्ञान न लेने को 'घोर लापरवाही' मानते हुए जवाब तलब किया गया है। अधिकारियों को अपनी मेजों पर अनिवार्य रूप से नेम प्लेट लगाने और अलमारियों में रखी फाइलों की सूची चस्पा करने का निर्देश दिया गया है।
सीडीओ ने कंप्यूटर ऑपरेटर कक्ष में अव्यवस्थित इंटरनेट व सीसीटीवी तारों को ठीक कराने, खराब विद्युत बल्ब बदलने और सभी कार्यालयों की खिड़कियों पर नई मच्छर जाली लगवाने के निर्देश दिए। पेयजल के लिए लगे आरओ की तत्काल सर्विस कराने को कहा गया है। परिसर में स्थित पीएम मॉडल आवास और टीन शेड के बंद मिलने पर निर्देश दिया गया कि बीडीओ और ब्लॉक प्रमुख आपसी समन्वय से इनका जनहित में उपयोग सुनिश्चित करें। बीडीओ आवास के सामने स्थित 07 आवासीय भवनों को खाली कराकर उसका उपयोग करने के निर्देश दिए। खराब पड़े जनरेटर की जांच हेतु जेई (विद्युत) और एडीओ की समिति गठित की गई है। निष्प्रयोज्य पाए जाने पर इसकी नीलामी की जाएगी। साथ ही, महिला सामुदायिक शौचालय में ताला बंद मिलने पर उसे तत्काल क्रियाशील करने की हिदायत दी गई।

Related Posts
Post Comments



Comments