बलिया में मनी सेनानी व पूर्व विधायक की पुण्यतिथि : जनता ने अस्वीकार किया है, इसलिए नहीं लूंगा एमएलसी पद



बलिया : स्वतंत्रता संग्राम सेनानी व पूर्व विधायक बाबू गंगा प्रसाद सिंह की 59वीं पुण्यतिथि गुरुद्वारा रोड स्थित आवास पर मनाई गई। उपस्थित लोगों ने उनके तैल चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उनकी स्मृतियों को याद करते हुए उन्हें राजनीति का पुरोधा बताया। वहीं, सागर सिंह राहुल के नेतृत्व में सुभाष प्राइमरी पाठशाला के बच्चों के बीच फल वितरित किया गया।
वक्ताओं ने कहा कि बाबू गंगा प्रसाद सिंह एक कुशल राजनीतिक पुरोधा व प्रखर वक्ता थे। कहा कि जिला पूर्ति अधिकारी के पद पर रहते हुए वह पूर्व मुख्यमंत्री सीबी गुप्ता के सम्पर्क में आने के बाद नौकरी से त्याग पत्र देकर राजनीति में आए और रसड़ा विधान सभा क्षेत्र के प्रथम विधायक बनें। 10 साल तक रसड़ा विस से प्रतिनिधित्व करने के बाद 1962 में बेल्थरा विस से तीसरी बार एमएलए बनें। कहा कि 1967 के चुनाव में मामूली मतों से हारने के बाद तत्कालीन सरकार की ओर से एमएलसी मनोनीत करने की तैयारी थी। हालांकि इसकी जानकारी होने के बाद उन्होंने इस पद को यह कहते हुए ठुकरा दिया कि जनता ने मुझे अस्वीकार किया है, लिहाजा यह उचित नहीं है। देश की आजादी की लड़ाई के दौरान उनको अंग्रेजी सरकार ने 28 नवंबर 1942 को गिरफ्तार कर वाराणसी के सेंट्रल जेल में रखा। कई साल बाद वह 21 अक्तूबर 1945 को जेल से रिहा हुए। लोगों ने कहा कि ऐसे महापुरुषों के दिखाए हुए रास्ते पर चलना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। इस दौरान अनुभव तिवारी गोल्लू, अभिजीत सिंह, सुमित वर्मा, नीरज श्रीवास्तव, रोहित शर्मा, कमलेश गुप्ता, गौरव श्रीवास्तव राजप्रकाश, राहुल माझील, आर्यन गुप्ता, आदि लोंग उपस्थित रहें। पौत्र सागर सिंह राहुल ने सभी के प्रति आभार प्रकट किया।

Related Posts
Post Comments



Comments