विकास भवन का औचक निरीक्षण : अव्यवस्था पर भड़के बलिया डीएम, बोले...



बलिया : जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने शुक्रवार को विकास भवन स्थित विभिन्न विभागीय कार्यालयों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कई कार्यालयों में अव्यवस्था, गंदगी और अनावश्यक सामान पाए जाने पर उन्होंने नाराजगी जताई और अधिकारियों को तत्काल सुधार के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने सहायक आयुक्त एवं निबंधन सहकारिता विभाग का निरीक्षण करते हुए वहां अनावश्यक अलमारियां रखी होने पर उन्हें तुरंत हटाने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि कार्यालय में जितने कर्मचारी तैनात हैं, उसी के अनुरूप टेबल और कुर्सियां रखी जाएं तथा सभी अनावश्यक वस्तुओं को कार्यालय से हटाया जाए। इसके बाद उन्होंने जिला कृषि कार्यालय का भी निरीक्षण किया। यहां अनावश्यक अलमारियां, गंदे डस्टबिन और साफ-सफाई की खराब स्थिति देखकर उन्होंने कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने कार्यालय की नियमित साफ-सफाई कराने के साथ ही रंगाई-पुताई कराने के निर्देश दिए। भंडार कक्ष का निरीक्षण करते हुए जिलाधिकारी ने फाइलों को व्यवस्थित ढंग से रखने के निर्देश दिए। साथ ही फाइलों की सुरक्षा के लिए दो-दो लोहे की रेलिंग लगाने तथा पर्याप्त रोशनी सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने को कहा। जिला ग्राम्य विकास अभिकरण के निरीक्षण के दौरान कार्यालय परिसर की दीवारों पर पान की पीक मिलने पर उन्होंने सख्ती दिखाई। उन्होंने जिला विकास अधिकारी को निर्देश दिया कि दीवारों पर पान थूकने वालों से 500 रुपये का जुर्माना वसूला जाए। जिला पंचायत राज विभाग के कार्यालय में कंप्यूटर कक्ष का निरीक्षण करते हुए उन्होंने जानकारी ली कि जिले की 940 ग्राम पंचायतों में कितने पंचायत सहायक अपने- अपने कार्यालयों में नियमित रूप से बैठते हैं। जिलाधिकारी ने यहां चार एलईडी स्क्रीन लगाने के निर्देश दिए, ताकि पंचायत सहायकों की उपस्थिति की निगरानी की जा सके। साथ ही जिला पंचायत राज अधिकारी को अनावश्यक अलमारियां हटाने और कंप्यूटर कक्ष में कंट्रोल रूम स्थापित करने का निर्देश दिया। जिला समाज कल्याण विभाग के निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कंप्यूटर कक्ष और आईजी आरएस कक्ष को दूसरी जगह शिफ्ट करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि किसी कार्यालय के सामने गंदगी पाई गई तो संबंधित कर्मचारी का वेतन रोक दिया जाएगा। इसके अलावा जिलाधिकारी ने विकास भवन में स्थित आरओ प्लांट को बाहर शिफ्ट करने का भी निर्देश दिया। निरीक्षण के दौरान डीडीओ आनंद प्रकाश, जिला कृषि अधिकारी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Related Posts
Post Comments



Comments