Ballia News : एनजीटी के आदेश पर संयुक्त टीम ने बंद कराया यह ईंट भट्ठा



बलिया : राष्ट्रीय हरित अधिकरण (एनजीटी) के आदेश के अनुपालन में सिकन्दरपुर तहसील क्षेत्र में संचालित एक ईंट भट्ठे के विरुद्ध प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए उसका संचालन बंद करा दिया। जानकारी के अनुसार ओए संख्या 425/2025 राम पुकार चौहान बनाम केन्द्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड व अन्य में पारित आदेश के अनुपालन तथा जिलाधिकारी बलिया के निर्देश पर गठित समिति ने 10 मार्च को (तेन्दुआ, तहसील सिकन्दरपुर) मेसर्स नसीरुद्दीन खान ईंट भट्ठा (वर्तमान नाम मेसर्स अगम इंटरप्राइजेज) का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उपजिलाधिकारी सिकन्दरपुर, पुलिस क्षेत्राधिकारी सिकन्दरपुर, उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के क्षेत्रीय अधिकारी आजमगढ़ तथा खान अधिकारी, जनपद बलिया की संयुक्त टीम मौजूद रही।
टीम ने भट्ठे का विधिवत निरीक्षण करने के बाद प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड द्वारा पूर्व में जारी बंदी आदेश का पालन कराते हुए ईंट भट्ठे का संचालन तत्काल प्रभाव से बंद करा दिया। कार्रवाई के दौरान भट्ठे में जल रही आग को पानी डालकर बुझाया गया। साथ ही भट्ठा संचालक से लिखित रूप में यह आश्वासन भी लिया गया कि अगले आदेश तक ईंट भट्ठे का संचालन नहीं किया जाएगा। जिलाधिकारी के निर्देश पर जनपद में पर्यावरणीय मानकों तथा न्यायालय और प्राधिकरण के आदेशों का कड़ाई से अनुपालन कराया जा रहा है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि किसी भी प्रकार के अवैध संचालन या नियमों के उल्लंघन की स्थिति में संबंधित के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।

Related Posts
Post Comments



Comments