बलिया में युवक पर प्राणघातक हमला, चार नामजद



बलिया : बांसडीह कोतवाली क्षेत्र में एक युवक पर हमले के मामले में पुलिस ने हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज किया है। यह घटना सुल्तानपुर टोला के पास हुई, जहां निमंत्रण से लौट रहे युवक पर हमला किया गया। पुलिस ने चार नामजद और चार अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। हालपुर निवासी नीतीश वर्मा सोमवार की देर रात सुल्तानपुर टोला से निमंत्रण कर अपने घर लौट रहे थे। पीड़ित के अनुसार, रास्ते में अंशु राजभर, राजन राजभर, नितीश राजभर, दिनेश राजभर और उनके चार अज्ञात साथियों ने उन्हें घेर लिया। आरोप है कि आरोपियों ने जातिसूचक गालियां देते हुए नीतीश को जमीन पर पटक दिया और जान से मारने की नीयत से उन पर हमला किया।
शोर सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव किया, जिसके बाद हमलावर नीतीश को अधमरा छोड़कर फरार हो गए। जाते समय आरोपियों ने पीड़ित को दोबारा दिखने पर जान से मारने की धमकी भी दी। नीतीश के शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं। पीड़ित नीतीश ने मंगलवार को बांसडीह कोतवाली में आरोपियों के खिलाफ नामजद तहरीर दी। उन्होंने बताया कि आरोपी आपराधिक प्रवृत्ति के व्यक्ति हैं और उन्हें अपनी जान का खतरा है। बांसडीह के प्रभारी निरीक्षक प्रवीण कुमार सिंह ने बताया कि मामला संज्ञान में है। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
रोहित सिंह मिथिलेश

Related Posts
Post Comments



Comments