देवर-भाभी और मासूम बच्ची का शव मिलने से मचा हड़कम्प, हत्या या आत्महत्या में उलझा मामला, जांच में जुटी पुलिस



बुलंदशहर। उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर के खुर्जा कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत नेहरुपुर के पास स्थित जंगल में एक ही परिवार के तीन सदस्यों का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतकों में एक महिला, उसका देवर और मासूम बेटी शामिल हैं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। घटनास्थल का दृश्य बेहद भयावह था। बच्ची और युवक का शव जमीन पर पड़ा मिला, जबकि महिला का शव पेड़ से फंदे पर लटका था।
प्रारंभिक जांच में मृतक युवक की पहचान पश्चिम बंगाल निवासी विमल सरकार के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि महिला और युवक दोनों खुर्जा की पॉटरी इंडस्ट्री में मजदूरी करते थे और परिवार खुर्जा देहात क्षेत्र में किराए के कमरे में रह रहा था। घटना की जानकारी मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पुलिस बल और फील्ड यूनिट के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस फिलहाल इस मामले की जांच हत्या और आत्महत्या दोनों एंगल से कर रही है। प्रारंभिक जांच में प्रेम प्रसंग या पारिवारिक कलह की भी आशंका जताई जा रही है। इस संबंध में महिला के पति की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पूरे मामले की गहराई से जांच की जा रही है।

Related Posts
Post Comments



Comments