बलिया में आग का तांडव : मां-बेटे की दर्दनाक मौत, जान बचाने की कोशिश में पति घायल



बलिया : गड़वार थाना क्षेत्र अंतर्गत चिलकहर बाजार की एक किराना दुकान में रविवार की देर रात लगी भीषण आग में मां-बेटे जिन्दा जल गये, जबकि पति जान बचाने की कोशिश में घायल हो गया। अगलगी की घटना से बाजार में भगदड़ मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस और अग्निशमन दस्ता की टीम पहुंची और ग्रामीणों की मदद से काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। वहीं, घटना की पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने घटनास्थल का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
बताया जा रहा है कि चिलकहर बाजार में नीरज चौरसिया किराना की होलसेल दुकान चलाते है। दुकान के ऊपर ही उनका परिवार रहता था। रविवार की रात करीब दो बजे अज्ञात कारणों से दुकान में आग लग गई। देखते ही देखते आग की लपटों ने पूरी दुकान को चपेट में ले लिया। दुकान से बाहर निकलने का कोई दूसरा रास्ता नहीं होने की वजह से नीरज चौरसिया की पत्नी रिंकी चौरसिया (25) तथा पांच वर्षीय बेटा धीरज आग में फंस गए, जिससे जिन्दा जलकर उनकी मौत हो गई। वहीं, नीरज चौरसिया छत से कूदकर बाहर निकले, लेकिन उनका पैर टूट गया। उन्हें इलाज के लिए ट्रामा सेंटर बलिया में भर्ती कराया गया है।
रोहित सिंह मिथिलेश

Related Posts
Post Comments



Comments