बलिया के निजी अस्पताल ने मौत के बाद प्रसूता को किया रेफर !



बलिया : जिला महिला अस्पताल के पास स्थित एक निजी नर्सिंग होम में प्रसव के दौरान जच्चा और जुड़वा नवजात शिशुओं की मौत के बाद विवाद खड़ा हो गया। घटना से आक्रोशित परिजनों ने अस्पताल प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए न सिर्फ आक्रोश जताया, बल्कि कार्रवाई की मांग की।
बताया जा रहा है कि मानकविहीन निजी अस्पताल में 28 वर्षीय गर्भवती रिंकू यादव (निवासी रामपुर बोह) की हालत गंभीर बताकर को चिकित्सक ने मोटी रकम लेकर ऑपरेशन किया। ऑपरेशन के दौरान दोनों जुड़वां बच्ची मृत हुईं। काफी समय बीतने के बाद भी प्रसूता होश में नहीं आई, तो परिजनों ने डाक्टर से पूछा। जबाब मिला कि 24 से 36 घंटे का समय लगेगा। उसके कुछ देर बाद हालत गंभीर बता खुद के एंबुलेंस से रिंकू को मऊ के लिए रेफर कर दिया। मऊ के चिकित्सक ने रिंकू को मृत घोषित कर दिया गया।
परिजन शव को लेकर निजी अस्पताल पहुंचे और लापरवाही पूर्वक ऑपरेशन के कारण जच्चा-बच्चा की मौत का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग करने लगे। सूचना पर निजी अस्पताल के नोडल एसीएमओ डॉ. योगेन्द्र दास, डॉ. अभिषक मिश्र सहित तीन सदस्यीय टीम ने पहुंचकर मामले की जांच की और अस्पताल को सील कर दिया। इस दौरान भारी संख्या में भीड़ जुटी रही।
परिजनों का आरोप है कि घटना के बाद अस्पताल कर्मियों ने मामले को छिपाने की कोशिश की। उनका कहना है कि काफी देर तक नवजात शिशुओं के बारे में सही जानकारी नहीं दी गई। परिजनों के अनुसार बाद में खोजबीन के दौरान बच्चों के शव अस्पताल के बाथरूम में पड़े मिले, जिसके बाद परिवार के लोग आक्रोशित हो उठे।
आशा बहू ने पहुंचाया निजी अस्पताल
दुबहड़ थाना के रामपुर बोहा गांव निवासी सोनू यादव की पत्नी रिंकू यादव दूसरी बार गर्भवती थीं। शुक्रवार की सुबह में प्रसव पीड़ा होने पर गांव की आशा बहू को जानकारी दी। वो दुबहड़ सीएचसी व महिला अस्पताल ले जाने की जगह रिंकू को सीएमओ कार्यालय के पास संचालित मानक विहीन निजी अस्पताल में लेकर पहुंची।संचालक ने महिला अस्पताल में तैनात अपने डॉक्टर पुत्र की ओर से अच्छा ऑपरेशन कराने की बात कही। रिंकू के भाई पंकज यादव ने कहा कि उक्त डॉक्टर ने ऑपरेशन किया। लापरवाही से ऑपरेशन करने के कारण जुड़वा नवजात बच्ची की मौत हो गई। बहन को होश न आने पर पूछने पर 24 घंटे में आने की बात कही। जबकि गलत ऑपरेशन करने के कारण मौत हो चुकी थी, उसके बावजूद रेफर किया गया।
रोहित सिंह मिथिलेश

Related Posts
Post Comments



Comments