बलिया डीएम की इस महत्वपूर्ण बैठक में अनुपस्थित रहे तीन अफसर, स्पष्टीकरण तलब



बलिया : जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह की अध्यक्षता में गुरुवार को विकास भवन सभागार में संचारी रोग नियंत्रण एवं दस्तक अभियान (अप्रैल 2026) की पहली जनपद स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में बताया गया कि संचारी रोग नियंत्रण अभियान 01 अप्रैल से 30 अप्रैल तक तथा दस्तक अभियान 10 अप्रैल से 30 अप्रैल तक संचालित किया जाएगा। जिलाधिकारी ने मुख्य चिकित्साधिकारी को निर्देश दिए कि अभियान के सफल संचालन के लिए टास्क फोर्स का गठन किया जाए। साथ ही सभी निजी अस्पतालों की जांच कराई जाए कि उनका पंजीकरण वैध है या नहीं? किसी भी प्रकार की अनियमितता मिलने पर सख्त कार्रवाई करते हुए अस्पताल को सीज किया जाए।
उन्होंने कहा कि अस्पतालों के खिलाफ लगातार शिकायतें मिल रही हैं, जिन्हें गंभीरता से लिया जाए। सरकारी अस्पतालों से मरीजों को जानबूझकर रेफर न किया जाए और न ही बाहर की दवाएं लिखी जाएं। गरीब मरीजों को किसी भी प्रकार से परेशान न किया जाए, अन्यथा कठोर कार्रवाई की जाएगी। यह भी सुनिश्चित किया जाए कि अस्पतालों में 24 घंटे चिकित्सकीय स्टाफ उपलब्ध रहे। बैठक में दिव्यांग कल्याण विभाग, खाद्य सुरक्षा अधिकारी एवं उद्यान अधिकारी के अनुपस्थित रहने पर जिलाधिकारी ने उनसे स्पष्टीकरण मांगने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्देशित किया कि एमओआईसी, आशा, आंगनबाड़ी कार्यकत्री एवं एएनएम के साथ बैठक कर संचारी रोगों की रोकथाम के संबंध में विस्तृत जानकारी दी जाए। खंड शिक्षा अधिकारी और बीडीओ भी ब्लॉक स्तर पर बैठक कर जागरूकता फैलाएं।
जिलाधिकारी ने कहा कि 25 मार्च तक नगर पालिका स्तर पर सभासदों, सफाई नायकों, सफाई कर्मचारियों एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की बैठक सुनिश्चित की जाए और सभी संबंधितों को पत्र जारी किया जाए। सभी कार्यक्रमों को लिखित रूप में जारी करने के निर्देश भी दिए गए। उन्होंने विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान के लिए ब्लॉक एवं जनपद स्तर पर माइक्रो प्लान तैयार कर सभी विभागों को उपलब्ध कराने और संबंधित कर्मियों को प्रशिक्षित करने पर जोर दिया। गर्मी के मौसम को ध्यान में रखते हुए बाजारों और प्रमुख चौराहों को चिन्हित कर शेल्टर व पानी की व्यवस्था करने के भी निर्देश दिए गए। बैठक में सीडीओ ओजस्वी राज, सीएमओ, अपर सीएमओ एवं अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Posts
Post Comments



Comments