बलिया में तीन जगह मारपीट, आठ घायलों में पांच रेफर ; दो गिरफ्तार



बलिया : अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुई मारपीट की घटनाओं में आठ लोग घायल हो गये, जिनका उपचार चल रहा है। शहर से सटे परिखरा निवासी अजीत यादव (22) बुधवार की रात करीब साढे 10 बजे घर से टहलते हुए पॉलिटेक्निक तिराहा के पास पहुंचे, तभी किसी बात को लेकर कुछ युवकों से विवाद हो गया। आरोप है कि युवकों ने धारदार हथियार से हमला कर अजीत को घायल कर दिया। आसपास के लोगों ने अजीत को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने वाराणसी रेफर कर दिया। वहीं, दूसरी घटना नरही थाना क्षेत्र की है। छप्पन के डेरा (गंगहरा) गांव में आरसीसी रोड निर्माण को लेकर गुरुवार को दो पक्षों के बीच मारपीट हो गयी। घटना में 36 वर्षीय रामभजन यादव, 28 वर्षीय प्रशांत यादव, 27 वर्षीय अमित यादव, 28 वर्षीय अभिषेक यादव तथा दूसरे पक्ष के 50 वर्षीय राजाराम व 24 वर्षीय मदन यादव घायल हो गये। सीएचसी नरहीं के डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद रामभजन, प्रशांत, अमित और मदन को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। इस घटना में अखिलेश यादव, दयाराम व झारकण्डेय को भी चोटें आई हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है। उधर, बैरिया थाना क्षेत्र के चकिया निवासी 30 वर्षीय शम्मी सिंह को बुधवार की रात कुछ लोगों ने मारपीट कर घायल कर दिया। बताया जा रहा है कि युवक अपने घर के सामने पेड़ के गिरे सूखे पत्तों को जला रहा था। धूआं जाने को लेकर पड़ोसियों से विवाद हो गया। मामले में पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार किया है।
रोहित सिंह मिथिलेश

Related Posts
Post Comments



Comments