बलिया में गला काटकर युवा दुकानदार की हत्या, खेत में फेंका मिला शव



बलिया : भीमपुरा थाना क्षेत्र में मोबिल ऑयल एजेंसी में काम करने वाले एक युवक की धारदार हथियार से हत्या कर बदमाशों ने शव को खेत में फेंक दिया। घटना की जानकारी होते ही इलाके में हड़कम्प मच गया। पुलिस भी मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल में जुट गई। युवा दुकानदार की हत्या क्यों और किसने की ? इन तमाम विन्दुओं पर पुलिस टीमें तहकीकात कर रही है। पुलिस अधीक्षक (एसपी) ओमवीर सिंह सहित वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंच गये। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
उभाव थाना क्षेत्र के गोविंदपुर दुगौली गांव निवासी बंधु यादव (45) मोबिल एजेंसी पर काम करते थे। रोज की तरह शुक्रवार रात करीब आठ बजे तक घर न पहुंचने पर बंधु के परिजन चिंतित हो उठे। परिजन उनकी तलाश करने लगे। देर रात सरया गांव के पास सड़क के किनारे खेत में खून से लथपथ शव मिला। इसकी जानकारी होते ही भीड़ जुट गयी। उनके बेटे गोलू यादव की सूचना पर पुलिस भी पहुंच गयी। मौके से मृतक की बाइक, मोबाइल तथा शराब की खाली बोतल मिली। बंधु यादव अपने तीन भाइयों में सबसे छोटे थे। उनके परिवार में पत्नी आशा देवी, बेटे गोलू यादव और अनमोल यादव तथा बेटी राधा का रो-रोकर बुरा हाल है। शनिवार की सुबह पहुंचे एएसपी (उत्तरी) दिनेश शुक्ल ने तहकीकात की। अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी दिनेश कुमार शुक्ला ने बताया कि घटना के राजफाश के लिए तीन टीमें गठित की गई है। जल्द आरोपितों को गिरफ्तार किया जाएगा।
रोहित सिंह मिथिलेश

Related Posts
Post Comments



Comments