Ballia News : प्रवेश पत्र में मेल की जगह छपा था फीमेल, दो घंटे भटकता रहा छात्र



बलिया : हाईस्कूल बोर्ड परीक्षा के पहले दिन एक परीक्षार्थी को प्रवेश पत्र में लिंग (जेंडर) की गलती के कारण परेशानी का सामना करना पड़ा। दो घंटे तक अलग-अलग परीक्षा केंद्रों के चक्कर काटने के बाद डीआईओएस के हस्तक्षेप से उसे परीक्षा देने की अनुमति मिली, लेकिन छात्र मात्र एक घंटा ही परीक्षा दे सका।
हाईस्कूल परीक्षार्थी प्रीतम शर्मा पुत्र रमेश शर्मा अनुक्रमांक 1261953502 पीएमएचएस स्कूल परसिया का छात्र है। उसका परीक्षा केंद्र प्रवेश पत्र में राजकीय बालिका इंटर कालेज बांसडीह निर्धारित था, जो कि केवल बालिकाओं का केंद्र है।प्रवेश पत्र में प्रीतम का जेंडर ‘मेल’ की जगह ‘फीमेल’ अंकित था। इसी गलती के चलते उसे बालिका केंद्र पर भेज दिया गया था, जबकि विद्यालय स्तर पर बालकों का परीक्षा केंद्र सहतवार में अलग निर्धारित था।
पीएमएचएस स्कूल परसिया के बालकों का केंद्र प्रभावती देवी विद्या पीठ सहतवार गया है। सुबह प्रीतम राजकीय बालिका इंटर कालेज बांसडीह परीक्षा देने गया तो उसे प्रभावती देवी विद्यापीठ सहतवार परीक्षा केंद्र पर भेज दिया गया। परीक्षा शुरू होने के बाद लगभग दो घंटे तक वह असमंजस की स्थिति में बाइक से बांसडीह व सहतवार के बीच दौड़ता रहा। मामले की जानकारी मिलने पर डीआईओएस देवेंद्र गुप्ता ने तत्काल छात्र को सहतवार परीक्षा केंद्र पर परीक्षा देने का निर्देश दिया। हांलांकि छात्र ने परीक्षा के बाद बताया कि वह मात्र एक घंटा ही परीक्षा दे सका।

Related Posts
Post Comments



Comments