Ballia News : कांग्रेस के मनियर ब्लाक अध्यक्ष की असमय टूटी सांस



Ballia News : कांग्रेस के मनियर ब्लॉक अध्यक्ष अभिषेक पाठक (37) का गुरुवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिकंदरपुर में इलाज के दौरान निधन हो गया। इसकी सूचना मिलते ही कांग्रेस कार्यकर्ता और पदाधिकारी अस्पताल में जुट गए। उन्होंने अस्पताल प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया।
क्राइम इंस्पेक्टर नरेश मलिक और चौकी प्रभारी अश्वनी मिश्रा सहित भारी संख्या में पुलिस बल पहुंच गया। कांग्रेस जिलाध्यक्ष उमाशंकर पाठक भी अस्पताल पहुंचे और उन्होंने चिकित्सक से घटना के संबंध में पूछताछ की। इस दौरान, अस्पताल में जनरेटर न चलने की शिकायत पर उन्होंने गहरी नाराजगी जताई।
बताया जा रहा है कि अभिषेक पाठक की तबीयत सुबह खराब हुई थी। इसके बाद वह अपने कार्यकर्ता नन्हे मिश्रा के साथ इलाज के लिए अस्पताल गए थे। वहां डॉक्टर ने उन्हें दवा और इंजेक्शन देकर आराम करने को कहा। थोड़ी देर बाद आराम महसूस होने पर वे घर लौट गए, लेकिन कुछ ही समय बाद उनकी तबीयत फिर से बिगड़ गई। उन्हें दोबारा अस्पताल लाया गया, तो इमरजेंसी में तैनात डॉक्टर अबुल तल्हा ने उन्हें बचाने का पूरा प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली।
रोहित सिंह मिथिलेश

Comments