बलिया में बकाया मांगने पर ठेकेदार को पीटा



बलिया : सिकंदरपुर थाना क्षेत्र में मजदूरी मांगना एक ठेकेदार (घर बनाने वाला मिस्त्री) को भारी पड़ गया। काजीपुर निवासी राम निवास गोंड़ (32) को मेहनताना मांगने पर बसारिखपुर निवासी वीरेंद्र यादव ने अपने दो साथियों के साथ बेरहमी से पीट दिया। इससे मजदूर बुरी तरह घायल हो गया। उसका हाथ टूट गया।
पीड़ित राम निवास ने बताया कि उसने वीरेंद्र यादव के मकान का ठेका 2.40 लाख रुपये में लिया था। 1.40 लाख रुपये एडवांस मिल चुके थे। काम पूरा होने के बाद उसने बाकी 1 लाख रुपये मांगे तो वीरेंद्र महीनों से टालमटोल कर रहा था। शनिवार को फिर पैसे लेने पहुंचा तो आरोपी ने उसे छत पर ले जाकर लाठी-डंडों से बुरी तरह पीटा। गंभीर रूप से घायल राम निवास को परिजनों ने अस्पताल में भर्ती कराया, जहां इलाज चल रहा है।
पीड़ित परिवार का आरोप है कि पैसे हड़पने की नीयत से यह हमला किया गया। पुलिस ने राम निवास की तहरीर पर आरोपी वीरेंद्र यादव के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। जांच शुरू कर दी है। ग्रामीणों में इस घटना को लेकर भारी गुस्सा है। वे आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।
रोहित सिंह मिथिलेश

Comments