बलिया में पूर्व मंत्री उपेंद्र तिवारी बोले - युवा शक्ति को मंच देगा 'फेफना खेल महोत्सव'



एक से 30 सितंबर तक चलेगा रजिस्ट्रेशन अभियान
'गांधी जयंती' को पदचाल अभियान संग होगा शंखनाद
युवाओं के सर्वांगीण विकास के लक्ष्य पर होगा आयोजन
बलिया : 'फेफना खेल महोत्सव' युवा शक्ति को अपनी प्रतिभा के प्रदर्शन का मंच प्रदान करेगा। युवा प्रतिभाओं के सर्वांगीण विकास के लिए विभिन्न खेल कार्यक्रमों के साथ साथ शैक्षणिक योग्यता आधारित प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया जाएगा। उक्त बातें उत्तर प्रदेश सरकार के पूर्व खेल एवं युवा कल्याण मंत्री उपेंद्र तिवारी ने निज आवास पर प्रेस वार्ता के दौरान कही। सोमवार को प्रेस वार्ता में उपेंद्र तिवारी ने कहा कि दुनियां की सबसे बड़ी युवा आबादी के हमारे देश में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है, आवश्यकता है कि इन युवा प्रतिभाओं को उचित मंच प्रदान किया जाए। देश व प्रदेश की सरकार लगातार इस दिशा में अभूतपूर्व कार्य कर रही है। युवा शक्ति को केंद्रित करते हुए 'फेफना खेल महोत्सव' के द्वितीय आयोजन की पृष्ठभूमि तैयार की गई है।
न्याय पंचायत स्तर से प्रारंभ होकर विधान सभा स्तर तक आयोजित होने वाले लगभग तीन माह के इस महोत्सव में खिलाड़ियों का रजिस्ट्रेशन एक सितंबर को प्रारंभ हो जाएगा। 30 सितंबर तक रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया चलेगी, इस दौरान पार्टी के पदाधिकारी एवं समर्पित कार्यकर्ता तथा खेल विशेषज्ञ गांव गांव पहुंच कर युवाओं से संपर्क करेंगे। आयोजन के प्रथम चरण में चार चार न्यायपंचायतों का क्लस्टर बनाकर तीन दिवसीय खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। विकास खंड सोहांव गड़वार एवं हनुमानगंज के अलावा टाऊन एरिया चितबड़ागांव एवं रतसड़ के लिए अलग अलग खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इन सभी आयोजनों के विजेता 'फेफना खेल महोत्सव' के विधान सभा स्तरीय मुख्य आयोजन में प्रतिभाग करेंगे।
जूनियर एवं सीनियर वर्ग में आयोजित होंगे खेल
पूर्व मंत्री ने बताया कि 'फेफना खेल महोत्सव' जूनियर एवं सीनियर दो वर्गों में आयोजित किया जाएगा। पुरुष व महिला दोनों वर्गों के लिए आयोजित होने वाले इस खेल महोत्सव में एथलेटिक्स, क्रिकेट, फुटबाल, कबड्डी व वॉलीबाल की प्रतियोगिताएं न्याय पंचायत स्तर से ही प्रारंभ की जाएंगी। वहीं कुश्ती, बैडमिंटन, शतरंज एवं क्रॉस कंट्री प्रतियोगिता के प्रतिभागी सीधे विधानसभा स्तर पर आयोजित मुख्य आयोजन में प्रतिभाग करेंगे। विधान सभा पर इन सभी खेल प्रतियोगिताओं का चार दिवसीय आयोजन किया जाएगा। वहीं गत खेल महोत्सव की भांति ही न्याय पंचायत स्तरीय प्रतियोगिताओं से ही खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया जाएगा। खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करने के लिए विधान सभा खेल महोत्सव में खेल जगत की अंतरराष्ट्रीय एवं राष्ट्रीय प्रतिभाएं भी उपस्थित रहेंगी।
गांधी जयंती पर पदचाल संग होगा महोत्सव का शंखनाद
'फेफना खेल महोत्सव' का शंखनाद गांधी जयंती पर पदचाल अभियान के साथ होगा। राष्ट्रपिता की जयंती पर खेल मैदान सोहांव से नरही तक क्षेत्र के हजारों युवाओं संग, शिक्षक, किसान, व्यापारी, मजदूर सभी वर्गों के पुरुष व महिला क्षेत्रवासी इस पदचाल कार्यक्रम में राष्ट्रपिता को श्रद्धांजलि देंगे। इस दौरान 'फेफना खेल महोत्सव' की मशाल लेकर क्षेत्र के ख्यातिलब्ध खिलाड़ी पदयात्रा में प्रतिभाग करेंगे। नरही में आयोजित कार्यक्रम में खेल महोत्सव का विधिक शंखनाद किया जाएगा। विधान सभा स्तरीय मुख्य कार्यक्रम का आयोजन नवंबर माह में किया जाएगा।प्रेस वार्ता के दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष संजय मिश्रा, महामंत्री प्रदीप सिंह, पूर्व जिला उपाध्यक्ष अंजनी राय, विधानसभा संयोजक टुनटुन उपाध्याय, मंडल अध्यक्ष मोतीचंद उपाध्याय, अर्केश दुबे, उमेश सिंह आदि उपस्थित रहे।

Comments