Ballia News : अस्पताल में जच्चा की मौत, संचालिका गिरफ्तार



बलिया : पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह के निर्देशन में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाये जा रहे अभियान के क्रम में नगरा थाना पुलिस टीम को सफलता मिली है। पुलिस ने गैर-इरादतन हत्या व राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग अधिनियम 2019 से सम्बंधित एक अभियुक्ता को गिरफ्तार किया है।
वादी मुखदेव राम ने 20.10.2025 को नगरा थाने में तहरीर दिया कि उसकी पुत्री संगीता (40) को 20 अक्टूबर की सुबह प्रसव पीड़ा होने पर नगरा स्थित मंजू क्लिनिक पर ले जाया गया, जहां अस्पताल की संचालिका ने नॉर्मल डिलीवरी की बात कहकर भर्ती कर लिया। इसके बाद पुत्री की हालत बिगड़ने पर अस्पताल संचालिका ने उसे गंभीर बताते हुए ऑपरेशन और मऊ से डॉक्टर बुलाने की बात कही।
रात 11 बजे डॉक्टर के आने के बाद महिला का ऑपरेशन किया गया, तब उसकी स्थिति और अधिक नाजुक हो गई। सोमवार को तड़के तीन बजे अस्पताल कर्मियों ने उसे एम्बुलेंस से मऊ रेफर कर दिया, लेकिन रास्ते में ही संगीता ने दम तोड़ दिया। मौत के बाद परिजन मृतका का शव लेकर वापस अस्पताल पहुंचे और गेट के सामने रखकर हंगामा करने लगे। सूचना पर पहुंचे स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी राकीब अख्तर ने अस्पताल को सील कर दिया।
उधर पुलिस ने तहरीर के आधार पर धारा 105 बीएनएस व 34(2) राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग अधिनियम 2019 के तहत अभियोग पंजीकृत किया। थानाध्यक्ष अजय कुमार त्रिपाठी मय हमराह ने मुखबिर खास की सूचना पर मुकदमा उपरोक्त से सम्बन्धित अभियुक्ता मंजू देवी पत्नी जितेन्द्र कुमार (ग्राम क्यामपुर पोस्ट गढ़मलपुर थाना पकड़ी जनपद बलिया) को कृष्णा होटल के पास से गिरफ्तार कर लिया।

Comments