SP ऑफिस के बाहर पीड़ित ने खुद को लगाई आग, बच्चे पुकारते रहे पापा-पापा




Shahjahanpur News : उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर से दिल दहला देने वाली एक घटना सामने आई है। जहां सुनवाई न होने से नाराज एक पीड़ित ने एसपी ऑफिस के बाहर खुद को आग लगा ली। आग लगाने के बाद पीड़ित काफी देर तक एसपी ऑफिस में आग की लपटों में घिरा रहा। वहीं, पापा को आग की लपटों में देख बच्चे पापा-पापा बोल कर चिल्लाते रहे। लोगों से बचाने की गुहार लगाते रहे। इस घटना के बाद अखिलेश यादव ने राज्य की योगी सरकार पर निशाना साधते हुए उस वीडियो को सोशल मीडिया पर शेयर किया है।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, पीड़ित युवक ताहिर काँट थाना क्षेत्र का रहने वाला है। उसकी पिकअप गाड़ी को एक दबंग ने छीन लिया था। जिसके बाद वह थाने से लेकर पुलिस अधीक्षक तक न्याय की गुहार लगा चुका था। लेकिन, उसके मामले की कोई सुनवाई नहीं हो पा रही थी। वह अपने परिवार के साथ लगातार एसपी ऑफिस का चक्कर लगा रहा था। आज भी वो पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचा, मगर उसकी सुनवाई नहीं हुई। इससे नाराज होकर उसने खुद को आग के हवाले कर लिया। इसके बाद आग की लपटों में घिरा युवक ऑफिस के अंदर भागता रहा।
पापा-पापा... चिल्लाते रहे बच्चे
युवक को आग में घिरा देखकर पीड़ित के परिवार वाले भी चिल्लाते रहे। उसके बच्चे पापा-पापा चिल्ला रहे थे। तभी वहां मौजूद कुछ पुलिसकर्मियों ने आग बुझाई और उसे मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया है। फिलहाल, युवक की हालत काफी गंभीर है। एसपी ऑफिस में हुई इस घटना के बाद जनसुनवाई पर भी कई सवाल खड़े हो गए है।
अखिलेश यादव ने की कार्रवाई की मांग
घटना का वीडियो सामने आने के बाद समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भी उसे अपने एक्स अकाउंट पर शेयर करते हुए राज्य सरकार पर निशाना साधा है। अखिलेश यादव ने कहा कि वाहन चोरी का केस दर्ज नहीं होने पर आहत होकर युवक ने एसपी दफ्तर के सामने खुद के शरीर में आग लगा ली। अखिलेश यादव ने राज्य सरकार से पीड़ित के लिए इलाज की सबसे अच्छी व्यवस्था करने और आरोपियों के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज करने की मांग की है।

Related Posts
Post Comments



Comments