बलिया : निलम्बन से पहले पूर्व विधायक समेत कई सपा कार्यकर्ताओं पर FIR करा गये है चर्चित SDM, बढ़ी राजनीतिक तपिश
On



बिल्थरारोड, बलिया। तहसील परिसर में फरियादियों के साथ दुकानदारों व आम लोगों पर लाठी चलाकर चर्चा में आये बिल्थरारोड के तत्कालीन SDM अशोक चौधरी का एक और कारनामा सामने आया है। यह मामला कुछ और नहीं, बल्कि पूर्व विधायक गोरख पासवान समेत 15-20 सपा नेताओं के खिलाफ मुकदमा का है। भादवि की धारा 188, 269 व 3 महामारी अधिनियम के तहत दर्ज इस केस में पूर्व विधायक के अलावा पूर्व जिलाध्यक्ष आद्याशंकर यादव, विधानसभा अध्यक्ष इरफान अहमद, सपा नेता रामशरण व वीरेंद्र नामजद है। इस कार्रवाई से समाजवादी पार्टी में जबरदस्त आक्रोश है।
बता दे कि 20 अगस्त को जनसमस्याओं को लेकर सपा नेताओं ने बिल्थरारोड तहसील का सांकेतिक घेराव व प्रदर्शन करते हुए राज्यपाल को सम्बोधित जनहित से जुड़ा 11 सूत्रीय मांग पत्र एसडीएम को सौंपा था। कोरोना काल में घेराव व प्रदर्शन को गंभीरता से लेते हुए तत्कालीन SDM अशोक चौधरी ने मुकदमा दर्ज करा दिया। इस बीच, लाठीचार्ज कर चर्चा में आये SDM को सस्पेंड कर विकास परिषद लखनऊ से सम्बद्घ कर दिया। इधर, तत्कालीन SDM द्वारा मुकदमा की जानकारी होते ही सपा नेता उबल पड़े है।
पूर्व विधायक गोरख पासवान ने कहा कि योगी सरकार में सपा के लिए अलग और भाजपा समर्थित लोगों के लिए अलग कानून है। गरीबों की आवाज बनने पर सपा पर मुकदमा दर्ज किया गया। जनता व सपा कार्यकर्ताओं पर फर्जी मुकदमे लादे जायेंगे तो मजबूरन सपा आंदोलन को बाध्य होगी। वही, पूर्व जिलाध्यक्ष आद्याशंकर यादव ने कहा कि राजनीति में ऐसी कार्रवाई से सपा डरने वाली नहीं है। जनता की आवाज व क्षेत्र के विकास के लिए वर्तमान सरकार से जवाब तो मांगा ही जायेगा। पुलिस प्रशासन से ऐसी कार्रवाई कराकर सरकार विपक्ष को डराने की कोशिश कर रही है। ताकि बाढ़, जलजमाव, आपदा, भूखमरी, बिजली, सड़क जैसी मूलभूत समस्याओं की आवाज न उठ सकें। कहा कि जल्द ही बाढ़, सड़क, बिजली व थाना-तहसील पर चल रहे मनमानीपूर्ण रवैये को लेकर व्यापक बदलाव न हुआ तो सपा चरणबद्ध आंदोलन करेगी।
Tags: Ballia News

Related Posts
Post Comments

Latest News
06 Feb 2026 07:16:33
वाराणसी : बावतपुर एयरपोर्ट पर उस समय हड़कंप मच गया, जब सुरक्षाकर्मियों द्वारा की जा रही जांच में एक यात्री...



Comments