मुख्यमंत्री से मिले पूर्व विधायक सुरेन्द्र सिंह, शिक्षामित्रों की समस्याओं पर हुई बात




बलिया : भारतीय जनता पार्टी के पूर्व विधायक सुरेंद्रनाथ सिंह ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से शिष्टाचार भेंट कर प्रदेश के शिक्षामित्रों की ज्वलंत समस्या को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने बताया कि वर्षों से शिक्षा के क्षेत्र में सेवा दे रहे शिक्षामित्र आज भी सम्मानजनक मानदेय और भविष्य की सुरक्षा को लेकर असमंजस में हैं।
पूर्व विधायक ने शिक्षामित्रों की पीड़ा को सामने रखते हुए मानदेय में शीघ्र संतोषजनक वृद्धि तथा स्थायी समाधान की दिशा में ठोस निर्णय लेने का आग्रह किया। इस पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सकारात्मक रुख अपनाते हुए भरोसा दिलाया कि सरकार इस विषय पर गंभीरता से विचार कर रही है। बहुत जल्द संतोषजनक निर्णय लिया जाएगा।
पूर्व विधायक ने जनपद में मोथा चक्रवात और अतिवृष्टि से हुई भारी फसल क्षति का मुद्दा भी उठाया। मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल सर्वे कराकर प्रभावित किसानों को मुआवजा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। इसके अलावा बैरिया विधानसभा क्षेत्र में वर्षों से गंभीर बनी गंगा कटान की समस्या पर भी विस्तार से चर्चा हुई।
गोकुल नगर, शिवाल मठिया, उदई छपरा, दुबे छपरा, चक्की नौरंगा और भुवाल छपरा में कटान-रोधी कार्यों को शीघ्र पूर्ण कराने का आश्वासन मुख्यमंत्री की ओर से दिया गया। इस मुलाकात को शिक्षामित्रों के हित में अहम पहल माना जा रहा है। शिक्षामित्र संघ के जिलाध्यक्ष पंकज सिंह ने पूर्व विधायक की पहल का स्वागत करते हुए आशा व्यक्त किया कि सरकार मानदेय वृद्धि के लिए जल्द ही सकारात्मक और महत्वपूर्ण निर्णय लेगी।

Related Posts
Post Comments



Comments