बलिया में लक्ष्मी नारायण महायज्ञ एवं सामूहिक यज्ञोपवीत संस्कार के लिए भव्य ध्वजारोहण



बलिया : महर्षि भृगु वैदिक गुरुकुलम के तत्वावधान एवं समस्त सनातनी भक्तों के सहयोग से गंगा तट स्थित पावन स्थल हुकुम छपरा, गंगापुर (बलिया, उत्तर प्रदेश) में आगामी 28 मार्च से 5 अप्रैल तक आयोजित होने वाले लक्ष्मीनारायण महायज्ञ एवं सामूहिक यज्ञोपवीत संस्कार के शुभारंभ के निमित्त भव्य ध्वजारोहण कार्यक्रम संपन्न हुआ। गंगा घाट का वातावरण वैदिक मंत्रोच्चार, शंखध्वनि और जयघोष से भक्तिमय हो उठा। गुरुकुलम के आचार्यों एवं वैदिक बटुकों की दिव्य उपस्थिति में विधिवत पूजन-अर्चन कर यज्ञ ध्वज स्थापित किया गया।

गुरुकुलम के आचार्य पं. मोहित पाठक जी ने यज्ञ के आध्यात्मिक, सांस्कृतिक एवं सामाजिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि लक्ष्मीनारायण महायज्ञ केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि राष्ट्र, समाज और परिवार के कल्याण का महापर्व है। उन्होंने सामूहिक यज्ञोपवीत संस्कार की महत्ता बताते हुए कहा कि यह सनातन परंपरा की पुनर्स्थापना और वैदिक संस्कारों के संरक्षण का दिव्य प्रयास है। यह यज्ञ विगत तीन वर्षों से हो रहा हैं। और इस यज्ञ में काशी की भव्य गंगा आरती का दृश्य प्रतिदिन देखने को मिलता है।

कार्यक्रम में आचार्य मनीष अमन पाण्डेय, पप्पू ओझा, राजकुमार उपाध्याय, संतोष पासवान, विनोद सिंह, डॉ. सुनील ओझा, विवेक सहित अनेक श्रद्धालु भक्तगण उपस्थित रहे। गंगा तट पर आयोजित इस ध्वजारोहण ने पूरे क्षेत्र में धार्मिक चेतना और उत्साह का संचार कर दिया है। आयोजन समिति ने समस्त सनातन धर्मप्रेमियों से निवेदन किया है कि वे 28 मार्च से 5 अप्रैल तक आयोजित इस महायज्ञ में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर धर्मलाभ प्राप्त करें और यज्ञ को सफल बनाएं।

Related Posts
Post Comments



Comments