पुलिस आरक्षी भर्ती परीक्षा : बलिया में 16 प्रवेश पत्र के साथ एक जालसाज गिरफ्तार, अभ्यर्थियों को झांसा देकर कर रहा था पैसे की वसूली



Ballia News : 17 व 18 फरवरी 2024 को आयोजित होने वाली पुलिस आरक्षी भर्ती परीक्षा को नकल विहिन कराने को लेकर पुलिस अधीक्षक देव रंजन वर्मा के निर्देशन में बलिया पुलिस चौकन्ना है। परीक्षा में किसी प्रकार की धांधली रोकने तथा शुचिता बनाये रखने के लिये जनपद के सर्विलांस, एसओजी, साइबर सेल व अभिसूचना इकाई द्वारा लगातार सूचना संकलित करते हुए सोशल मीडिया सेल द्वारा सतर्क दृष्टि रखी जा रही है। इसी क्रम में थाना रसड़ा पुलिस को महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त हुयी है ।
गुरुवार की शाम रसड़ा पुलिस को जरिये मुखबिर सूचना मिली कि पुलिस भर्ती परीक्षा में एक व्यक्ति सक्रिय है, जिसका नाम सलीम अन्सारी पुत्र नईमुद्दीन अन्सारी (निवासी मकान नं. 227 वार्ड नं. 21 उत्तर पट्टी, थाना रसड़ा, बलिया) है। वह उ0प्र0 पुलिस भर्ती में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को परीक्षा पास कराने का झाँसा देकर वसूली करने एवं कूटरचित दस्तावेज तैयार कर धनार्जन कर रहा है।
इस सूचना पर रसड़ा पुलिस टीम कोटवारी मोड़ से करीब 50 कदम आगे बलिया मार्ग पर अन्सारी इण्टर प्राइजेज दुकान पर दबिश दी, जहां से सलीम अन्सारी पुत्र नईमुद्दीन अन्सारी पकड़ा गया। नियमानुसार तलाशी में उसके पास से पुलिस आरक्षी भर्ती परीक्षा से संबंधित अभ्यर्थियों के 16 प्रवेश पत्र, 12 मूल शैक्षिक प्रमाण पत्र, 04 स्वयं के फर्जी आधार कार्ड, एक मोबाइल स्क्रीन टच आई. फोन 13 एप्पल तथा एक लेखबद्ध डायरी बरामद किया गया।
पकड़े गये व्यक्ति ने बरामद सामग्री के सम्बन्ध में पूछने पर बताया कि मैनें वर्तमान में प्रचलित पुलिस भर्ती परीक्षा में सम्मिलित होने वाले कुछ अभ्यर्थियो को परीक्षा में नकल कराने, पास कराने, भर्ती कराने के नाम पर पैसा व उनके सम्बन्धित कागजात लिए है। इसके पहले भी और कई परीक्षाओ मे अभ्यर्थियो को धोखा देकर परीक्षा में पास कराने व भर्ती कराने के नाम पर मेरे द्वारा पैसा लिया गया है। उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती की परीक्षा में सम्मिलित होने वाले कुछ अभ्यर्थियो से लगभग पाँच लाख उन्चास हजार रूपये लेकर मै अपने बैंक अकाउंट मे जमा किया हूँ। लगभग तीन लाख पचास हजार रूपये नगद लिया था। इन सब लोगो से बचने व अपनी पहचान को छिपाने के लिए अपने कई फर्जी आधार कार्ड बनवाये थे, जो आपने हमारे पास से बरामद कर लिया है। बरामदगी के आधार पर धारा 419, 420, 467, 468, 471 भादवि पंजीकृत कर पुलिस आवश्यक वैधानिक कार्यवाही में जुटी है।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम
उप निरीक्षक बांक बहादुर सिंह थाना रसड़ा जनपद बलिया।
हेड कां. रामपति यादव थाना रसड़ा जनपद बलिया।
कां. त्रिवेन्द्र सिह थाना रसड़ा जनपद बलिया।
कां. नीलेश यादव थाना रसड़ा जनपद बलिया।

Related Posts
Post Comments



Comments