राजकुमार की मौत के बाद एक्शन में बलिया पुलिस, प्रेमिका समेत चार गिरफ्तार



Ballia News : प्रेम प्रसंग से जुड़े एसिड अटैक में राजकुमार तिवारी की मौत मामले में बांसडीह कोतवाली पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने राजकुमार की हत्यारोपी प्रेमिका और उसके भाई समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया है। विधिक कार्यवाही पूर्ण कर पुलिस ने चारों का चालान न्यायालय किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
विगत गुरुवार की रात दुर्गेश पाण्डेय ने राजकुमार को फोन से खेवसर गांव के पेवन के ढाला पर बुलाया था। आरोपियों ने उसके साथ मारपीट के बाद एसिड फेंक दिया था। घटना में गंभीर रूप से झुलसे राजकुमार की मंगलवार रात बलिया के एक निजी अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गयी थी। पुलिस ने राजकुमार की दादी लहासु देवी की तहरीर पर शुक्रवार को ही दर्ज मुकदमा में मौत के बाद अन्य धाराएं बढ़ा दी गई। पुलिस ने मामले में मृतक राजकुमार की तथाकथित प्रेमिका बरियारपुर (सुल्तानपुर) निवासी संगीता पाण्डेय व उसका भाई दुर्गेश पाण्डेय, संगीता के मामा का लड़का मनियर थाना क्षेत्र के विशुनपुरा निवासी दुर्गेश उपाध्याय तथा बांसडीह कोतवाली क्षेत्र के सुल्तानपुर (टोला पर) निवासी संतोष यादव को गिरफ्तार किया है।
पुलिस की पूछताछ में मुख्य आरोपी दुर्गेश पाण्डेय ने बताया कि राजकुमार उसकी बहन संगीता से शादी करने का दबाव बना रहा था, जिससे वह नाराज था। कई बार मना करने के बाद भी मृतक बहन को परेशान कर रहा था। बहन ने भी कई बार समझाने का प्रयास किया था। आरोपी ने स्वीकार किया कि उनका मकसद राजकुमार को डराना था। कोतवाल ने बताया कि मामले में आगे की जांच जारी है। घटना में प्रयोग हुए ज्वलनशील पदार्थ की पहचान के लिए मृतक के कपड़ों की फोरेंसिक जांच की जाएगी।
रोहित सिंह मिथिलेश

Comments