बलिया में बच्चों का विवाद बना बवंडर : खूब चले लाठी-डंडे और तलवार, गंभीरावस्था में युवक रेफर



बलिया : बैरिया थाना क्षेत्र के उदयी छपरा गांव में बच्चों के बीच हुए विवाद में रविवार रात जमकर मारपीट हो गई। दबंगों ने दरवाजे पर चढ़कर लाठी-डंडे और तलवार से हमला कर 32 वर्षीय दिलीप चौधरी को घायल कर दिया। घटना को अंजाम देने के बाद हमलावर फरार हो गए। पड़ोसियों की मदद से दिलीप को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सोनबरसा पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया। हालांकि वहां से भी उन्हें वाराणसी के ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया है। वहीं, त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने मुकदमा दर्ज करने के साथ ही तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर चालान न्यायालय भेज दिया।
बताया जा रहा है कि विवाद की शुरुआत बच्चों के खेल-खेल में झगड़े से हुई। रामधनी चौधरी के घर के बच्चों और भोलू चौधरी के घर के बच्चों के बीच झगड़ा बढ़ गया। आरोप है कि इसी विवाद के बाद भोलू चौधरी, सनी चौधरी, रघुवीर चौधरी और राहुल यादव ने रामधनी चौधरी के दरवाजे पर चढ़कर हमला किया। दिलीप चौधरी जान बचाने की नियत से अपने घर के अंदर भागे तो हमलावरों ने घर के अंदर घुस कर उसे बुरी तरह पीटा। खून से लथपथ होकर दिलीप चीखने चिल्लाने लगा, तो पड़ोसी दौड़कर पहुंचे। भीड़ जुटती देख हमलावर धमकी देते हुए भाग खड़े हुए। इस संदर्भ में पूछने पर प्रभारी निरीक्षक बैरिया आरपी सिंह ने बताया कि घायल के पिता रामधनी चौधरी की तहरीर पर भोलू चौधरी सहित सभी आरोपियों पर धारा 199, 115(2), 352, 351 (3) व 324 (4) भारतीय न्याय संहिता के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। भोलू चौधरी, सनी चौधरी व रघुवीर चौधरी को सोमवार की सुबह गिरफ्तार कर लिया गया है। शेष की तलाश में छापेमारी की जा रही है।
रोहित सिंह मिथिलेश

Related Posts
Post Comments



Comments