Ballia News : निमंत्रण में बतरस, दो पक्षों में जमकर जूतम-पैजार, सात रेफर



Ballia News : बांसडीह कस्बा से सटे शाहपुर गांव के रजवारवीर में शुक्रवार की देर रात आपसी रंजिश में दो पक्षों में जमकर जूतम-पैजार हुआ। मारपीट की इस घटना में दोनों पक्षों के आठ लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनमें सात घायलों को सीएचसी बांसडीह से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है। हालांकि घटना के पीछे का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है।

राजवारवीर निवासी पंकज वर्मा (21), कुश वर्मा (22) तथा लव वर्मा (19) बांसडीह कोतवाली क्षेत्र के रामपुर गांव में निमंत्रण में गये थे। इन्हीं के पड़ोसी रजवारवीर निवासी जितेंद्र तुरहा (22), दिनेश तुरहा (21), महेश तुरहा (25) व गणेश तुरहा (23) आदि भी निमंत्रण में गए हुए थे। वही पर किसी बात को लेकर दोनों पक्षों में विवाद हो गया। मौजूद ग्रामीणों ने बीच बचाव कर मामले को शांत करा दिया। रात लगभग नौ बजे घर पहुंचने पर एक बार फिर दोनों पक्ष आपस में विवाद शुरू कर दिया।

वाद-विवाद इतना बढ़ा कि दोनों पक्षों में जमकर मारपीट हो गई। ईंट, पत्थर लाठी डंडा से एक दूसरे पर हमला कर दिया। घटना में दोनों पक्षों से आठ लोग घायल हो गए। घायलों को परिजन व पुलिस सीएचसी बांसडीह ले गये। चिकित्सकों ने प्राथमिक इलाज के बाद सात को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। आठवें व्यक्ति कस्बा के वार्ड नम्बर चार निवासी 21 वर्षीय दीपक पटेल को प्राथमिक इलाज के बाद चिकित्सकों ने घर भेज दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों का बवाल शान्त कराया। रात में दोनों पक्षों के आक्रमकता को देखते हुए सीएचसी व घर पर भारी संख्या में पुलिस फोर्स मौजूद रही। घायलों के रेफर होने के बाद भी पुलिस की एक टीम जिलाचिकित्सालय भी साथ गई।
रोहित सिंह मिथिलेश



Comments