Ballia News : स्कूल में हाजिरी को लेकर प्रधानाध्यापक और शिक्षिकाओं में विवाद, बुलानी पड़ी पुलिस



Ballia News : शिक्षा क्षेत्र बेरूआरबारी के मैरीटार गांव स्थित अंग्रेजी माध्यम प्राथमिक विद्यालय में शुक्रवार को एक बड़ा विवाद हो गया। प्रधानाध्यापक और दो सहायक अध्यापिकाओं ने हाजिरी लगाने को लेकर एक दूसरे के खिलाफ आरोप लगाते हुए पुलिस और बीईओ को आवेदन दिया है। पुलिस और बीईओ ने जांच कर अपनी रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को प्रेषित करने की बात कही है।
स्कूल की दो सहायक अध्यापिकाओं की हाजिरी को लेकर हुई कहासुनी देखते ही देखते पुलिस तक पहुंच गई। अध्यापिकाओं ने तुरंत पुलिस को बुलाया। मौके पर पहुंचे कोतवाल संजय सिंह ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए खंड शिक्षा अधिकारी वीरेंद्र कुमार को सूचना दी। अध्यापिकाओं ने प्रधानाध्यापक पर गंभीर आरोप लगाए। उनका कहना था कि प्रधानाध्यापक विद्यालय परिसर में बाहरी लोगों को जमा करते हैं, जिससे अराजकता फैलती है। विद्यालय में देर रात तक पार्टियां होती हैं। फ्रिज में ताड़ी की बोतलें रखी जाती हैं।
अध्यापिकाओं ने बताया कि उन्हें अक्सर विद्यालय में शराब की खाली बोतलें, सिगरेट के टुकड़े और अन्य आपत्तिजनक चीजें मिलती हैं। उनके अनुसार, जब वे इन गतिविधियों का विरोध करती हैं, तो प्रधानाध्यापक उन्हें परेशान करते हैं। हाजिरी रजिस्टर भी नहीं देते हैं। रजिस्टर अलमारी में बंद कर देते हैं। वहीं, प्रधानाध्यापक ने इन सभी आरोपों को खारिज कर दिया। उन्होंने कहा कि अध्यापिकाएं विद्यालय में मनमानी करना चाहती हैं। जब वे उनके आने-जाने के समय को लेकर कहते हैं, तो वह बेबुनियाद आरोप लगा रही हैं।
प्रधानाध्यापक ने कहा कि अध्यापिकाएं नियमों के खिलाफ छुट्टी मांग रही हैं। छुट्टी न मिलने पर विद्यालय में हंगामा खड़ा कर रही हैं। दोनों अध्यापिकाओं ने बांसडीह के सीओ प्रभात कुमार के कार्यालय पहुंचकर प्रधानाध्यापक के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई और कड़ी कार्रवाई की मांग की। सीओ प्रभात कुमार ने बताया कि मामले की रिपोर्ट तैयार कर जिलाधिकारी और बेसिक शिक्षा अधिकारी को भेजी जा रही है। बीईओ वीरेंद्र कुमार ने भी बताया कि उन्हें प्रधानाध्यापक और अध्यापिकाओं, दोनों पक्षों से लिखित शिकायतें मिली हैं। मामले की जांच के बाद रिपोर्ट बेसिक शिक्षा अधिकारी को भेजी जाएगी। उनके निर्देानुसार कार्रवाई की जाएगी।
रोहित सिंह मिथिलेश

Comments