बलिया तक पहुंचा चक्रवात 'मोंथा' का प्रभाव, पर्यावरणविद् डाॅ. गणेश पाठक से जानिएं कब तक रहेगा असर



बलिया : समुद्र से बहुत दूर होने के बावजूद भी चक्रवातों का असर प्राय: बलिया तक पहुंच ही जाता है। खासतौर से बंगाल की खाड़ी से उत्पन्न चक्रवातों का असर बिहार, झारखण्ड एवं छत्तीसगढ़ के रास्ते बलिया तक ही नहीं, बल्कि पूर्वी उत्तर प्रदेश तक दिखाई देने लगता है। इस बार बंगाल की खाड़ी से उठा 'मोंथा' या जिसे 'मेंथा' भी कहा जा रहा है, का असर भी बलिया तक पहुंच चुका है। इसका प्रभाव कम से कम तीन दिनों तक अवश्य रहेगा। उक्त बातें अमरनाथ मिश्र स्नातकोत्तर महाविद्यालय दूबेछपरा, बलिया के पूर्व प्राचार्य पर्यावरणविद् डाॅ. गणेश पाठक ने कही।
डाॅ. पाठक के अनुसार सामान्य रूप से वायुमंडल में उठने वाली शक्तिशाली वायु विक्षोभों को ही चक्रवात कहा जाता है, जिसकी उत्पत्ति प्राय: तापमान एवं मौसम में परिवर्तन के कारण बनने वाली हवा के दबाव से होती है। इस तरह चक्रवात निम्न दाब के ऐसे केंद्र होते हैं, जिनके केंद्र में निम्न दाब का क्षेत्र होता है एवं केंद्र से बाहर की तरफ धीरे - धीरे वायुदाब में वृद्धि होती जाती है। बताया कि चक्रवातों के नामकरण की कहानी भी विचित्र है। विभिन्न क्षेत्रों से उत्पन्न होने वाले चक्रवातों को भिन्न-भिन्न नामों से पुकारा जाता है।

चक्रवातों का नामकरण भी फूल, पशु-पक्षी एवं वन वृक्षों के नाम तथा चक्रवात की प्रभावशीलता के आधार पर नामकरण होते रहे हैं, किंतु बाद में इनका नामकरण खूबसूरत एवं प्रसिद्ध स्त्रियों आदि के नाम पर भी रखे जा रहें हैं। इसके अलावा वर्णमाला क्रम के आधार पर पड़ने वाले संबंधित क्षेत्र में आने वाले चक्रवात का नामकरण करता है। इस समय बंगाल की खाड़ी से उठने वाले चक्रवात का नामकरण थाईलैंड द्वारा 'मोंथा' रखा गया है, जिसका अर्थ 'सुंदर फूल' होता है।
वैसे 2024 से भारत सहित हिंद महासागर के 13 देशों ने अपने स्तर पर तूफानों के नामकरण की परम्परा विकसित की है, जिसके तहत बारी - बारी से इन तूफानों का नामकरण करते हैं। इसके आधार पर ही थाईलैंड द्वारा बंगाल की खाड़ी से उठने वाले इस चक्रवात का नामकरण 'मोंथा' रखा गया है। मोंथा चक्रवात बंगाल की खाड़ी में थाईलैंड के पास से उत्पन्न होकर आगे बढ़ते हुए भारत के आंध्र प्रदेश के काकीनाडा के निकट समुद्र तट से 28 अक्टूबर को रात में टकराया, जिसकी गति 90 से 100 किमी ० प्रति घंटा थी जो बढ़कर 110 किमी० प्रति घंटा तक हो गयी थी।
समुद्री तट से टकराने के बाद जब जह चक्रवात स्थल की तरफ आगे बढ़ा तो आंध्रप्रदेश, तेलांगना एवं आंध्रप्रदेश होते हुए बंगाल में प्रवेश कर भरपूर बारिस किया। हजारों लोगों को समुद्री तट से हटाकर सुरक्षित स्थानों पर ले जाया गया।
बलिया सहित पूर्वांचल में 'मोंथा' का प्रभाव
जैसे-जैसे यह 'मोंथा' चक्रवात आगे बढ़ता गया, इसकी गति कम होती गयी। इससे यह शिथिल पड़ता गया, किंतु छत्तीसगढ़, झारखण्ड एवं बिहार होते हुए इस चक्रवात का प्रभाव बलिया सहित पूर्वांचल के अन्य जिलों में दिखाई दे रहा है और सामान्य बर्षा भी हो रही है। इन क्षेत्रों में इस चक्रवात का प्रभाव तीन दिनों तक रहने की सम्भावना है। खासतौर से धान की फसल के लिए यह बर्षा हानिकारक सिद्ध हो सकती है, क्योंकि धान की फसल अब लगभग पक गयी है। यदि फसल हवा के प्रभाव से गिर गयी तो उसकी बर्बादी तय है। यही नहीं यदि वर्षा अधिक हुई तो रबी की खेती भी प्रभावित हो सकती है, क्योंकि खेत जल्द तैयार नहीं हो पायेंगे।



Comments