आगरा में दर्दनाक हादसा : प्रतिमा विसर्जन करने पहुंचे सात लड़के डूबे, 6 लापता



UP News : आगरा में दुर्गा प्रतिमा विसर्जित करने नदी में उतरे 7 लड़के डूब गए। इससे मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना पर खेरागढ़ थाना प्रभारी मदन सिंह अपनी टीम के साथ पहुंचे और वर्दी उतारकर नदी में छलांग लगा दी। भोला नाम के युवक को नदी से बाहर निकाला गया है। हालांकि उसकी हालत बेहद गंभीर है। 6 लड़के लापता हैं। वहीं, घाट पर परिवार की महिलाएं-लड़कियां मां दुर्गा की प्रतिमा पकड़कर रो रही हैं। हाथ जोड़कर मां से सलामती की प्रार्थना कर रही हैं।
घटना खेरागढ़ थाना क्षेत्र की डूंगरवाला उंटगन नदी की है। हादसा दोपहर करीब ढाई बजे हुआ। खेरागढ़ के डूंगरवाला उंटगन नदी में बड़ी संख्या में लोग दुर्गा प्रतिमा का विसर्जन करने पहुंचे थे। महिलाएं नदी किनारे रुक गईं, लेकिन युवक प्रतिमा को लेकर नदी के अंदर चले गए, तभी 7 लड़के डूबने लगे। कुछ युवक प्रतिमा को छोड़कर बाहर आ गए। लेकिन, 6 युवक नदी के तेज बहाव में बह गए। लोगों ने उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन युवक तेज बहाव में दूर निकल गए। पुलिस ने रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया है। डीएम अरविंद मलप्पा बंगारी, डीसीपी वेस्ट अतुल शर्मा और चेयरमैन सुधीर गर्ग भी घटना स्थल पर पहुंचे। डीएम ने रेस्क्यू ऑपरेशन की जानकारी ली। युवकों की तलाश में गोताखोरों को लगाया गया है।
लापता लोगों में सचिन महावीर (15) पुत्र रामवीर सिंह, ओके (18) पुत्र किशन सिंह, भगवती (20) पुत्र मुरारीलाल, हरेश (20) पुत्र यादव, गगन (17) और ओमपाल (19) शामिल हैं। इनकी तलाश की जा रही है। उधर, लड़के जिस प्रतिमा का विसर्जन करने आए थे। वो नदी के बीच में छोड़ दी गई। हादसे के बाद युवकों के परिजन प्रतिमा के सामने हाथ जोड़कर सलामती के लिए प्रार्थना करते रहे। पुलिस ने सभी लोगों को नदी से बाहर निकाला।
खबर अपडेट की जा रही है।

Comments