जवान का शव पहुंचते ही रो पड़ा बलिया का यह गांव



मझौवां, बलिया : हल्दी थाना क्षेत्र के गरयां गांव में शनिवार को जैसे ही सेना के जवान का शव पैतृक आवास पहुंचा, परिजनों समेत पूरे इलाके में कोहराम मच गया। शव के साथ पहुंचे जवानों ने मृतक जवान को नम आंखों से पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दिया। जवान का अंतिम संस्कार गंगापुर गंगा घाट पर सैन्य सम्मान के साथ किया गया। मुख़ाग्नि बड़े पुत्र ने दी।
हल्दी थाना क्षेत्र के गरयां गांव निवासी अशोक कुमार गुप्ता (47) सन् 1998 में आर्मी में भर्ती हुए थे। वर्तमान समय में उनकी पोस्टिंग बंगाल के पन्नागढ़ में थी। अधिकारियों के अनुसार तीन दिन पहले बुधवार को ड्यूटी समय में ही जवान की तबीयत अचानक खराब हो गयी। इसके बाद पन्नागढ़ कमांड हॉस्पिटल में भर्ती कराने के साथ ही परिजनों को सूचित किया गया।
सूचना पर बड़े बेटे के साथ पत्नी पिंकी देवी पन्नागढ़ पहुंच गयी, जहां से उनकी स्थिति बिगड़ती देख चिकित्सकों ने कमांड अस्पताल कोलकाता रेफर कर दिया। वहीं 25 सितम्बर की दोपहर को इलाज के दौरान जवान का निधन हो गया। विभागीय कार्यवाही को पूरा करने के बाद शव शनिवार की सुबह पैतृक गांव पहुंचा। इसकी जानकारी होते ही श्रद्धांजलि देने वालों का तांता लग गया।
जवान के दो बेटे आयुष और अंगद तथा बड़ी बेटी पल्लविका है। अभी किसी की शादी नहीं हुयी है। घटना के बाद पत्नी पिंकी पर दुःखो का पहाड़ टूट पड़ा है। शव से लिपटकर रोते देख उपस्थित जनसमूह की भी आँखे नम थी। ग्राम प्रधान प्रतिनिधि डा. भूपेश कुमार सिंह, पूर्व प्रधान संजय ओझा व पूर्व प्रधान आर्य कुमार सिंह अनिल सिंह आदि ने पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। अंतिम संस्कार गंगापुर गाँव के गंगा नदी के घाट पर शनिवार की सुबह 10 बजे हुआ। मुख़ाग्नि बड़े पुत्र आयुष कुमार ने दी।
हरेराम यादव

Comments