83 लाख प्रतिभागियों में चमकीं बलिया की बेटी खुशबू यादव, राष्ट्रपति के हाथों मिला सम्मान




Ballia News : जिले के लिए गर्व की बात है। बैरिया तहसील क्षेत्र अंतर्गत दलनछपरा गांव के पुरवा सेमरतर निवासी हरिशंकर यादव की पुत्री खुशबू यादव राष्ट्रपति के हाथों सम्मानित हुई है। खुशबू को यह उपलब्धि विद्युत मंत्रालय द्वारा राष्ट्रीय स्तर पर कराए गए पेंटिंग प्रतियोगिता में मिली है। 83 लाख प्रतिभागियों में शामिल खुश्बू ने तीसरा स्थान प्राप्त कर घर-परिवार और जिले का मान बढ़ाया है। विज्ञान भवन नई दिल्ली में आयोजित समारोह में राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू ने खुशबू को लैपटॉप, 30 हजार नगदी एवं मेडल देकर सम्मानित किया।
सीमित संसाधनों और आर्थिक अभावों के बीच पली-बढ़ी खुशबू को देश स्तरीय पेंटिंग प्रतियोगिता में मिली यह सफलता उन बच्चों के लिए प्रेरणास्रोत है, जो विपरीत परिस्थितियों में भी बड़े सपने देखते हैं। अपने माता-पिता के साथ हरियाणा के गुरुग्राम जनपद के शिकोहपुर में रहने वाली खुशबू ने अपनी कल्पनाओं और रंगों के माध्यम से वह चित्र रचा, जिसने निर्णायकों को भी प्रभावित कर दिया। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, शिकोहपुर में कक्षा 7वीं की छात्रा खुशबू के माता-पिता लस्सी बेचकर परिवार का भरण-पोषण करते हैं।
तीन भाई-बहनों में खुशबू अपने भाइयों गोलू यादव और सनी देवल यादव के साथ पली-बढ़ी हैं। उनकी इस सफलता में विद्यालय की प्रधानाचार्य नीलम कुमारी और कला अध्यापिका कविता यादव के मार्गदर्शन की अहम भूमिका रही है। महज 13 साल की उम्र में खुशबू को मिली उपलब्धि से दलनछपरा में खुशी की लहर है।

Related Posts
Post Comments



Comments