बलिया : बाइकों की टक्कर में शिक्षक की मौत, दो युवक रेफर



बलिया :रसड़ा कोतवाली क्षेत्र के पकवाइनार में स्थित जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान गेट के पास दो बाइकों की टक्कर में एक बाइक सवार शिक्षक की मौत हो गई। जबकि दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों घायलों का प्राथमिक उपचार के बाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रसड़ा के चिकित्सकों ने सदर अस्पताल रेफर कर दिया। उधर, घटना की सूचना पर मृतक के परिवार के लोग रसड़ा अस्पताल पहुंच गए। उनका रोते-रोते बुरा हाल था।
बताया जाता है कि जिले के सुखपुरा थाना क्षेत्र के खड़ैला निवासी व असेगा (बेरूआरबारी) स्थित सेंट माइकल स्कूल में प्राचार्य कन्हैया पांडेय (55) किसी कार्य से पकवाइनार स्थित डायट में जा रहे थे। वह अपनी बाइक डायट में मुड़ रहे थे, तभी रसड़ा की ओर से अपने गांव जा रहे मऊ जनपद के हलधरपुर थाना क्षेत्र के कुंआरीडीह गांव निवासी गुलशन पुत्र राजेश (18) व गुलशन पुत्र लालजी (25) की तेज रफ्तार बाइक ने पीछे से जोरदार धक्का मार दिया। हादसे में दोनों बाइकों पर सवार तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को स्थानीय सीएचसी ले जाया गया, जहां पर चिकित्सकों ने कन्हैया पांडेय को मृत घोषित कर दिया। जबकि दोनों घायलों को गंभीर स्थिति में सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बलिया भेज दिया।
रोहित सिंह मिथिलेश

Related Posts
Post Comments



Comments