बलिया : बात-बात में ससुर ने कर दिया कांड, पुत्रवधू रेफर




बैरिया, बलिया : बैरिया थाना क्षेत्र के मठ योगेन्द्र गिरी गांव मे शनिवार को ससुर ने पुत्रवधू को चाकू मारकर घायल कर दिया। गंभीरावस्था में पड़ोसियों ने घायल बहू को अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक चिकित्सा के बाद चिकित्सकों ने उसे सदर अस्पताल रेफर कर दिया। घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चा व्याप्त है।
बताया जा रहा है कि मठ योगेन्द्र गिरी निवासी सुग्रीव चौधरी दुबई में रहकर नौकरी करते हैं। उनकी पत्नी तेतरी देवी (28) अपने ससुर रामजी चौधरी, सास शिवकुमारी देवी, ननद ज्ञान्ती देवी के साथ गांव पर रहती है। तेतरी देवी के तीन पुत्र और एक पुत्री है। संपत्ति बटवारा को लेकर यहां आपस में हमेशा विवाद होता रहा है।
शनिवार को पुनः घर बंटवारे को लेकर बहू और ससुर में कहासुनी व हाथापाई होने लगी। जिसमें ससुर ने चाकू निकालकर बहु को मार दिया। चाकू तेतरी देवी के पेट के बगल में लग गया, जिससे वह जमीन पर गिरकर छटपटाने लगी। ननद व सास ने भी उसे जमकर पीटा। तेतरी देवी के बच्चे रोने चिल्लाने लगे। तो पड़ोसी जुट आए, जिसे देखकर सारे हमलावर भाग खड़े हुए।
पड़ोसियों ने तेतरी देवी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सोनबरसा पहुंचाया। घटना की सूचना पर चौकी इंचार्ज बैरिया अरुण सिंह भी मौके पर पहुंच गए। तेतरी देवी की स्थिति गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने उसे प्राथमिक उपचार के बाद सदर अस्पताल रेफर कर दिया। चौकी इंचार्ज अरुण सिंह ने बताया कि अभी तक तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। इस घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चा व्याप्त है।
शिवदयाल पांडेय मनन

Related Posts
Post Comments



Comments