TTE की पत्नी ने दी जान, 10 महीने पहले हुई थी शादी; सामने आ रही ये वजह




झांसी : पत्नी वॉट्सऐप चला रही थी... इसी बात को लेकर पति से विवाद हो गया। पति जब ड्यूटी पर चला गया, तो पत्नी ने जहर खा लिया। ससुराल वाले उसे अस्पताल लेकर भागे। वहां इलाज के दौरान रविवार को पत्नी की मौत हो गई। अभी इनकी शादी के सिर्फ 10 महीने हुए थे। वहीं, पत्नी के फूफा का आरोप है कि भतीजी के ससुरालवाले कार की डिमांड कर रहे थे। डिमांड पूरी न होने पर प्रताड़ित करते थे। भतीजी ने जहर खाया या खिलाया गया? इसकी जांच होनी चाहिए। पुलिस ने शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा है।
मामला सीपरी बाजार थाना क्षेत्र का है।एरच के इस्किल गांव में रहने वाला भुवनेंद्र पटेल झांसी रेल मंडल में TTE (ट्रैवलिंग टिकट एक्जामिनर) है। उनकी शादी 24 फरवरी, 2025 को जालौन के घगुवा कलां गांव में रहने वाली काजल पटेल (25) से हुई थी। दोनों सीपरी बाजार में मिशन कम्पाउंड मोहल्ले में रहते थे। काजल के फूफा अरविंद कुमार ने बताया कि, शादी में हम लोगों ने अपनी हैसियत के अनुसार दान-दहेज दिया था। लेकिन, शादी के बाद ससुराल वाले कार की डिमांड करने लगे थे। इसको लेकर काजल को प्रताड़ित किया जाने लगा। उसी डिमांड के कारण ये परिस्थिति देखने को मिली है।
अरविंद ने बताया- घर में काजल और उसका पति रहता था। हमें बताया गया कि शनिवार को भुवनेंद्र ड्यूटी के लिए निकल गया। लौटकर आया, तो काजल ने जहर खा लिया था। शनिवार सुबह 9 बजे का केस था और हम लोगों को दोपहर 2 बजे बताया गया। इलाज के दौरान आज काजल की मौत हो गई। हम लोगों ने जब भतीजी काजल का मोबाइल मांगा, तो वो भी नहीं दिया। कह रहे हैं कि हम जो बात बोल रहे हैं, वही बात मानी जाएगी। अब जहर खाया या जबरदस्ती खिलाया, ये नहीं कह सकते। कार की डिमांड थी, तो कुछ भी कर सकते थे।

Related Posts
Post Comments



Comments