महिला दरोगा और सिपाही रंगे हाथ गिरफ्तार




गाजियाबाद : मेरठ यूनिट की एंटी करप्शन टीम ने शनिवार को मुरादनगर थाना परिसर से पिंक बूथ चौकी प्रभारी और सिपाही को 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।वहीं, मोदीनगर पुलिस ने आरोपी पिंकबूथ इंचार्ज प्रिया सिंह और सिपाही शाहिद के खिलाफ घटना की रिपोर्ट दर्ज कर ली है। यही नहीं, महिला दरोगा और सिपाही को निलंबित कर दिया गया।
हापुड़ जिला के खड़खड़ी गांव निवासी रजनीश त्यागी के खिलाफ 12 अक्तूबर को मुरादनगर थाने में दहेज उत्पीड़न का मुकदमा दर्ज हुआ था। इसकी जांच पिंक बूथ प्रभारी दरोगा प्रिया सिंह कर रही थी। आरोप है कि रजनीश त्यागी से उनकी मां कुसूम त्यागी और पिता संजीव त्यागी का चार्जशीट से नाम निकालने के नाम पर दरोगा दो लाख रुपये की मांग कर रही थी।
रुपये लेने की डील सिपाही शाहिद कर रहा था। काफी मिन्नतों के बाद 50 हजार रुपये में तय हुआ। रजनीश त्यागी ने रिश्वत मांगने की शिकायत मेरठ यूनिट के एंटी करप्शन विभाग में की। इसके बाद कृष्णापाल सिंह की टीम मुरादनगर पहुंची और रजनीश त्यागी को केमिकल्स लगे नोटों की गड्डी दे दी। रजनीश त्यागी मुरादनगर थाना परिसर पहुंचे और जैसे ही महिला दरोगा प्रिया सिंह और सिपाही को 50 हजार रुपये दिए, एंटी करप्शन टीम ने दोनों को दबोच लिया।

Related Posts
Post Comments



Comments