बलिया डीएम ने शुरू किया निराकरण पोर्टल : शिकायत दर्ज होते ही मिलेगी पर्ची, जानिएं इसका लाभ




बलिया : जनता की शिकायतों का त्वरित समाधान हो, इस दिशा में जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने एक नया पोर्टल लॉन्च किया है। इस निराकरण पोर्टल पर लोग अपनी शिकायतें दर्ज कराकर तुरंत शिकायत पर्ची प्राप्त कर सकते हैं। सोमवार को सभी एसडीएम, ईओ, कानूनगो और लेखपालों के साथ बैठक कर डीएम ने जनता की समस्याओं का समाधान जल्द करने का निर्देश दिया।
जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने बताया कि बलिया का कार्यभार संभालने के बाद उनका मुख्य उद्देश्य जनता की शिकायतों का त्वरित निस्तारण पर है। नए पोर्टल पर शिकायत दर्ज होते ही स्वचालित रूप से एक शिकायत नंबर जनरेट होगा। शिकायतकर्ता को विस्तृत जानकारी के साथ पर्ची दी जाएगी। पहले शिकायत पर्ची केवल तहसील दिवस पर दी जाती थी। अब नई व्यवस्था के तहत जिलाधिकारी कार्यालय, सीडीओ कार्यालय, तहसील, ब्लॉक, नगर पालिका और नगर पंचायत में रोजाना शिकायतें स्वीकार की जाएंगी। प्रशासन की प्राथमिकता समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण तरीके से शिकायतों का समाधान करना है।


Comments