Ballia News : चचेरे भाई के साथ छत पर सोए युवक का मकान के पीछे मिला शव




बलिया : सिकन्दरपुर थाना क्षेत्र के मिश्रचक गांव के पास सड़क किनारे स्थित मकान की छत पर सोए युवक का शव मकान के पीछे खेत में मिलने से हड़कम्प मच गया। मृतक की पहचान बिहार के छपरा जिले के डोरीगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत महाजी गांव निवासी जय नाथ महतो (49) के रूप में हुई है। वह अपने चचेरे भाई भीम महतो के साथ मिश्रचक स्थित बाबा सम्राट की मकान में किराए पर रहते थे।दोनों भाई गांवों में घूम-घूमकर दाल, भुजा बेचने का काम करते थे।
बताया जा रहा है कि गुरुवार की रात दोनों भाई रोज की तरह छत पर सो गए थे। देर रात भीम महतो की नींद खुली तो उसने देखा कि जय नाथ नहीं है। आसपास खोजबीन करने के बाद वह नीचे उतरा तो मकान के पीछे खेत में जय नाथ का शव पड़ा मिला। इसकी जानकारी मिलते ही मकान मालिक तथा ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। शुक्रवार की सुबह पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हालांकि यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि जय नाथ की मौत कैसे हुई ? इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक प्रवीण सिंह का कहना है कि छत पर सोने के दौरान गिरने से हुई मौत की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची थी। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
रोहित सिंह मिथिलेश


Comments