समुद्र का शहंशाह बना यूपी का यह IAS अफसर, नाम मिला ‘आयरन मैन’




UP News : गाजियाबाद में तैनात IAS अफसर अभिनव गोपाल युवाओं के लिए प्रेरणास्त्रोत बन गए हैं। मुख्य विकास अधिकारी (CDO) अभिनव गोपाल ने इंग्लैंड और फ्रांस के बीच स्थित दुनिया की सबसे चुनौतीपूर्ण समुद्री बाधाओं में से एक इंग्लिश चैनल को लगातार तैरकर करीब 11 घंटे 19 मिनट में पार कर दिखाया है। उनकी इस उपलब्धि को लेकर चहुंओर खुशी की लहर है। सोशल मीडिया पर उन्हें ‘आयरन मैन’ कहकर सम्मानित किया जा रहा है।
इंग्लिश चैनल को फ्रेंच में La Manche कहा जाता है। यह अटलांटिक महासागर का एक हिस्सा है, जो दक्षिणी इंग्लैंड को उत्तर फ्रांस से अलग करता है। इसकी सामान्य चौड़ाई करीब 33 किलोमीटर होती है, लेकिन समुद्री धाराओं, टाइड्स और लहरों की वजह से तैराकों को लगभग 55 किलोमीटर की दूरी तैरनी पड़ती है।
18 जून 2025 की सुबह 3 बजे IAS अभिनव गोपाल और उनकी टीम ने इंग्लैंड से तैराकी की शुरुआत की। 11 घंटे 19 मिनट की लगातार मेहनत, ठंडी समुद्री लहरें, खतरनाक करंट और दुनिया के सबसे व्यस्त समुद्री मार्ग से जूझते हुए IAS अभिनव गोपाल ने इंग्लिश चैनल पार कर फ्रांस की धरती पर कदम रखा।
गाजियाबाद के ‘आयरन मैन’ IAS गोपाल ने कहा, यह सिर्फ एक खेल नहीं था, यह मानसिक और शारीरिक सहनशक्ति की असली परीक्षा थी। इंग्लिश चैनल को पार करना मेरे जीवन का सपना था, जिसे पूरा करना गर्व की बात है। उन्होंने यह भी कहा कि यह तैराकी उन्हें सिर्फ शारीरिक ताकत ही नहीं, बल्कि आत्मविश्वास और अनुशासन की गहराई भी सिखा गई।
बता दें कि अभिनव की यह पहली उपलब्धि नहीं, बल्कि इससे पहले भी कई बड़े खिताब हासिल कर चुके हैं। अभिनव ने अप्रैल 2023 में श्रीलंका के थलाईमन्नार से भारत के धनुषकोडी तक समुद्र में करीब 28 किलोमीटर लंबी पाल्क स्ट्रेट (Palk Strait) को तैरकर पार किया था। उन्हें आयरनमैन का भी खिताब हासिल है।
युवाओं के लिए बने प्रेरणास्त्रोत
IAS अभिनव गोपाल की यह उपलब्धि सिर्फ उनकी निजी जीत नहीं, बल्कि यह उन तमाम युवाओं के लिए एक मजबूत संदेश है, जो किसी लक्ष्य को पाने के लिए प्रयासरत है। IAS अभिनव गोपाल की यह कहानी बताती है कि प्रशासनिक जीवन के तनाव के बावजूद अगर व्यक्ति में जुनून और अनुशासन हो तो वह समंदर जैसी चुनौतियों से भी लड़ सकता है। उनकी यह उपलब्धि सिर्फ एक खेल की जीत नहीं, बल्कि एक सोच की जीत है। अगर मन में कुछ ठान लो तो समंदर भी आपके हौसले को सलाम करता है, क्योंकि संकल्प से बड़ी सीमा नहीं होती है।


Comments