बैरिया, बलिया। देश को बलिया की धरती ने हमेशा ही गौरवान्वित महसूस कराया है। इसी कड़ी को इसी धरती पर जन्मे राजीव सिंह रघुवंशी ने आगे बढ़ाया है। राजीव सिंह रघुवंशी देश का ड्रग कंट्रोलर जनरल (DCGI) बने है। गुरुवार को उन्होंने पदभार भी संभाल लिया है। इसे लेकर गांव में खुशियों का माहौल है। वहीं, इस पद को पाने से जिले का मान भी बढ़ा है।
दोकटी थाना क्षेत्र के रामनगर निवासी डॉ. राजीव सिंह रघुवंशी पुत्र स्व. विद्यानंद सिंह रघुवंशी देश के नए ड्रग कंट्रोलर जनरल के पद पर बुधवार को नियुक्त किये गए। गुरुवार को उन्होंने पदभार भी संभाल लिया है। राजीव सिंह भारतीय फार्माकोपिया आयोग के सचिव-सह-वैज्ञानिक पद पर कार्यरत थे। संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) ने पिछले महीने डीसीजीआई के पद के लिए उनके नाम की सिफारिश की थी। इसको संज्ञान लेकर मंत्री मंडल समिति ने आदेश पारित किया।
राजीव सिंह रघुवंशी ने डॉ. वीजी सोमानी का स्थान लिया है। डॉ. वीजी सोमानी का कार्यकाल 15 फरवरी को खत्म हो गया था। बता दे कि DCGI केंद्रीय औषधि मानक नियंत्रण संगठन (सीडीएससीओ) का प्रमुख पद होता है, जो देश भर में गुणवत्तापूर्ण दवाओं की आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए जिम्मेदार होता है। इसके पास नई दवाओं को मंजूरी देने और क्लीनिकल ट्रायल को विनियमित करने का भी अधिकार होता है। राजीव सिंह के नाम से 250 से ज्यादा पेटेंट दवाएं भी हैं।
0 Comments