बलिया। कहते है शादी के सात फेरे सात जन्मों तक साथ निभाने का वादा है, लेकिन आधुनिकता की दौड़ में कही-कही सात जन्मों के बंधन की डोर कमजोर होती दिख रही है। इसकी असल वजह चाहे जो हो, पर आये दिन पति-पत्नी के बीच विवाद, सुसाइड, दहेज प्रताड़ना इत्यादि मामले सुनने व पढ़ने को मिलना, निश्चित ही विचारणीय है। ताजा मामला मनियर थाना क्षेत्र के एलासगढ़ का है, जहां एक ऐसी विवाहिता का शव फंदे पर झूलता पाया गया, जिसकी शादी के एक वर्ष भी पूरे नहीं हुए थे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
बताया जा रहा है कि मनियर थाना क्षेत्र के एलासगढ़ निवासी चंदन साहनी पुत्र जयराम साहनी की शादी बांसडीह कोतवाली क्षेत्र के केवटलिया कला निवासी हरेंद्र साहनी की पुत्री उर्मिला (20) के साथ 15 फरवरी 2022 को हुई थी। उर्मिला सोमवार की रात खाना खाने के बाद अपने कमरे में सो गई। मंगलवार की सुबह उर्मिला के कमरे से किसी प्रकार की आहट न मिलने पर परिजन उसके कमरे में घुसे तो दंग रह गये। उर्मिला का शव छत की कुंडी के सहारे गमछे के फंदा से बंधा लटका मिला। शव देखते ही घरवालों के पैरों तले जमीन खिसक गई। किसी तरह शव को नीचे उतारकर घरवालों ने पुलिस को सूचना दिया। पुलिस के साथ नायब तहसीलदार बांसडीह अंजू यादव भी पहुंच गयी। शव का पंचनामा करने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
उधर, मृतका के दादा रामेश्वर साहनी ने ससुराल पक्ष के लोगों पर मृतका को प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। कहा है कि मेरी पौत्री की शादी जब से हुई है, तब से उसकी सास, ससुर, पति, देवर व जेठानी उसे प्रताड़ित करते थे। मनियर पुलिस ने तहरीर के आधार पर मृतका की सास सोनापति व पति चंदन साहनी को हिरासत में लेकर कानूनी कार्रवाई में जुटी है।
0 Comments